Gold Silver Price Today: अमेरिकी मिडटर्म चुनावों के बाद वैश्विक बाजार में मची हलचल का असर अब कीमती धातुओं पर भी दिखने लगा है। शुक्रवार को घरेलू वायदा बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई। सोना 1,200 रुपये से ज्यादा टूट गया, जबकि चांदी भी करीब 1.5 फीसदी सस्ती हो गई। ऐसे में खरीदारों की नजर अब कीमतों में आगे होने वाले बदलाव पर टिकी है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में दो हफ्ते के उच्चतम स्तर पर पहुंचा सोना
घरेलू बाजार में गिरावट के उलट अंतरराष्ट्रीय बाजार में गुरुवार को सोने की कीमतों में तेजी देखने को मिली। स्पॉट गोल्ड 1 फीसदी उछलकर 4,100.27 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। कारोबार के दौरान इसने 4,146.63 डॉलर प्रति औंस का स्तर भी छुआ, जो 20 अक्टूबर के बाद सबसे ऊंचा था। कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से महंगाई की चिंता कम हुई, जिससे अमेरिकी डॉलर और ट्रेजरी यील्ड कमजोर पड़े। अब निवेशकों की नजर अमेरिकी पेरोल्स डेटा पर है, जिससे फेडरल रिजर्व की ब्याज दर नीति को लेकर संकेत मिल सकते हैं।
गहने बनाने में 22 कैरेट सोना, निवेश के लिए 24 कैरेट और 999 चांदी
सर्राफा बाजार में सोना और चांदी अलग-अलग शुद्धता के आधार पर बेचे जाते हैं। 24 कैरेट सोने को सबसे शुद्ध माना जाता है, जबकि 22 कैरेट सोना अपेक्षाकृत मजबूत और टिकाऊ होने के कारण आमतौर पर गहने बनाने में इस्तेमाल होता है। वहीं, 999 सिल्वर का मतलब 99.9 फीसदी शुद्ध चांदी है। इसका इस्तेमाल मुख्य रूप से निवेश के लिए चांदी की बार और सिक्के बनाने में किया जाता है।
ये भी पढ़ें: नसीरुद्दीन शाह की बयानबाजी पर भड़के अशोक पंडित, मनोचिकित्सक से सलाह लेने को कहा

