Tuesday, Sep 29

होम = Breaking = गोल्डी बराड़ की तलाश में FBI, मोस्ट वांटेड लिस्ट में शामिल; 10 लाख डॉलर का इनाम

गोल्डी बराड़ की तलाश में FBI, मोस्ट वांटेड लिस्ट में शामिल; 10 लाख डॉलर का इनाम

Goldy Brar FBI Most Wanted: गैंगस्टर गोल्डी बराड़ को लेकर अमेरिका में बड़ा एक्शन हुआ है। FBI ने उसे अपनी ‘10 मोस्ट वांटेड फ्यूजिटिव्स’ सूची में शामिल किया है। लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े बराड़ की गिरफ्तारी में मदद करने वाली सूचना देने वाले को FBI ने 10 लाख डॉलर तक के इनाम का ऐलान किया है। माना जा रहा है कि बराड़ अभी अमेरिका में ही मौजूद है।

ऑपरेशन के बाद बढ़ी तलाश

‘ऑपरेशन हार्ड बॉल’ के बाद अमेरिका और कनाडा के अधिकारियों ने उत्तरी अमेरिका समेत अन्य जगहों पर सक्रिय भारत से जुड़े आपराधिक गिरोहों के खिलाफ कार्रवाई तेज की। इस मल्टीनेशनल ऑपरेशन में बिश्नोई गैंग, ढांडा ऑर्गनाइज़्ड क्राइम ग्रुप और भगवानपुरिया गैंग को निशाना बनाया गया। कार्रवाई के तहत 37 लोगों पर जबरन वसूली, रैकेट चलाने और ड्रग तस्करी समेत कई अपराधों के आरोप लगाए गए।

FBI ने बताया ‘खतरनाक व्यक्ति’

FBI लॉस एंजिल्स फील्ड ऑफिस के असिस्टेंट डायरेक्टर पैट्रिक ग्रांडी ने गोल्डी बराड़ को खतरनाक व्यक्ति बताते हुए कहा कि उसकी गिरफ्तारी एजेंसी और उसके सहयोगियों की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि बराड़ को FBI की टॉप-10 भगोड़ों की सूची में शामिल करने के साथ उसकी गिरफ्तारी में मदद करने वाली जानकारी पर 10 लाख डॉलर तक का इनाम रखा गया है। अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक बराड़ पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के अहम नेता के तौर पर रैकेटियरिंग, जबरन वसूली और ड्रग तस्करी से जुड़े अपराधों की साजिश के आरोप हैं।

पांच आरोपियों की तलाश जारी

जुलाई में ‘ऑपरेशन हार्ड बॉल’ का ऐलान होने तक इस मामले में 24 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके थे या पहले से हिरासत में थे। इसके बाद FBI और उसके विदेशी सहयोगियों ने चार और फरार आरोपियों को पकड़ लिया, जबकि एक आरोपी की मौत हो गई। अमेरिकी अधिकारी अब गोल्डी बराड़ समेत पांच आरोपियों की तलाश कर रहे हैं।

ये भी पढ़ें: प्रवेश वर्मा पर भड़के केजरीवाल, बोले- ‘ये तुम्हारे पिताजी का देश नहीं’; गिरफ्तारी की मांग