Athens Building Collapse: ग्रीस की राजधानी एथेंस के ऐतिहासिक इलाके प्लाका में धमाके के बाद एक इमारत ढह गई। प्राचीन एक्रोपोलिस के पास शुक्रवार को हुए इस हादसे में कम से कम 6 लोगों की मौत हो गई, जिनमें चार अमेरिकी नागरिक भी शामिल हैं। फायर ब्रिगेड और सुरक्षाबलों ने मलबे से सभी छह शव बरामद कर लिए हैं। हादसा किस वजह से हुआ, फिलहाल इसकी जानकारी सामने नहीं आई है।
मृतकों में तीन महिलाएं और बुजुर्ग दंपती शामिल
एथेंस की इमरजेंसी टीम ने मलबे से छह शव बरामद किए हैं, जिनमें तीन महिलाएं शामिल हैं। मृतकों में इमारत की ऊपरी मंजिल के एक फ्लैट में रहने वाला 77 वर्षीय ब्रिटिश व्यक्ति और उसकी 78 वर्षीय ग्रीक पत्नी भी शामिल थे। हादसे के बाद राहत और बचाव टीमों ने घटनास्थल पर अभियान चलाकर मलबे की तलाशी ली।
धमाके की वजह का पता लगाने में जुटी टीमें
शहर के वाइस-मेयर पेरिस चारलाफ्तिस ने हादसे पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि बरामद सभी शवों को मोर्चरी भेज दिया गया है, जहां उनका पोस्टमार्टम कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि अब जांच टीमों का मुख्य फोकस धमाके की वजह पता करने पर है। यह भी जांच की जा रही है कि आखिर किन परिस्थितियों में धमाके के बाद पूरी इमारत ढह गई।
थर्मल कैमरे और स्निफर डॉग से तलाशी
रेस्क्यू टीम अभी भी मलबा हटाने में जुटी है। किसी जीवित व्यक्ति या शव की तलाश के लिए थर्मल कैमरे और जियोफोन की मदद ली जा रही है। मलबा हटाने के लिए भारी मशीनें तैनात की गई हैं, जबकि स्निफर डॉग भी तलाशी अभियान में लगाए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, मृतकों में चार अमेरिकी नागरिक शामिल थे, जो इमारत की पहली मंजिल पर किराए के फ्लैट में रह रहे थे। बताया गया कि वे कुछ घंटों बाद अमेरिका रवाना होने वाले थे, लेकिन हादसे में उनकी जान चली गई।
ये भी पढ़ें: मेयर चुनाव में उम्मीदवार रहीं लैला ने बुर्के पर दिया बड़ा बयान, कहा- मुस्लिम शहर जैसे लगते हैं लंदन के कुछ हिस्से

