होम = Breaking = ग्रीस में जंगल की आग बुझाते वक्त टकराए दो हेलीकॉप्टर, पायलट समेत 2 की मौत

ग्रीस में जंगल की आग बुझाते वक्त टकराए दो हेलीकॉप्टर, पायलट समेत 2 की मौत

Greece Helicopter Crash: ग्रीस में जंगल की आग बुझाने के अभियान के दौरान बड़ा हादसा हो गया। आग पर काबू पाने में जुटे दो हेलीकॉप्टर हवा में आपस में टकरा गए, जिसमें डेनमार्क के पायलट और ग्रीस फायर सर्विस के एक अधिकारी की मौत हो गई। हादसे में दो अन्य लोग मामूली रूप से घायल हुए हैं।

आग बुझाने के दौरान हवा में टकराए हेलीकॉप्टर

यह हादसा एथेंस से करीब 65 किलोमीटर दूर अटिका-बोयोटिया सीमा पर हुआ, जहां दोनों हेलीकॉप्टर जंगल की भीषण आग पर काबू पाने के अभियान में लगे थे। घटना के वीडियो में एक हेलीकॉप्टर दूसरे से टकराता दिखाई दे रहा है। टक्कर के बाद एक हेलीकॉप्टर में आग लग गई और वह खाई में जा गिरा, जबकि दूसरा हेलीकॉप्टर सुरक्षित आपातकालीन लैंडिंग करने में सफल रहा।

हेलीकॉप्टर में सवार दो लोगों की मौत

ग्रीक फायर सर्विस के मुताबिक, हादसे के बाद एक हेलीकॉप्टर के दोनों चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि दूसरे हेलीकॉप्टर में सवार दो कर्मी बेहोशी की हालत में मिले। अस्पताल ले जाने के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। कई इलाकों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। पोर्टो जर्मेनो, पसाथा, फोकिडा, मेगारा और केफालोनिया समेत कई क्षेत्रों में 500 से ज्यादा दमकलकर्मी लगातार आग बुझाने में जुटे हैं।