Thursday, Sep 24

होम = Cover Story Top = गुलाब सिद्धू के घर ताबड़तोड़ फायरिंग, पहले मिल चुकी थी जान से मारने की धमकी

गुलाब सिद्धू के घर ताबड़तोड़ फायरिंग, पहले मिल चुकी थी जान से मारने की धमकी

Gulab Sidhu Firing: पंजाब के मशहूर सिंगर गुलाब सिद्धू के घर शनिवार देर रात अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। बरनाला जिले के गांव फरवाही में हुई इस घटना से इलाके में दहशत फैल गई। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने गुलाब सिद्धू के घर को निशाना बनाकर कई राउंड गोलियां चलाईं। गुलाब सिद्धू दिवंगत पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला के करीबी दोस्त रहे हैं।

CCTV में कैद हुई फायरिंग

फायरिंग की पूरी वारदात CCTV कैमरे में कैद हो गई। सामने आए फुटेज में हमलावर गुलाब सिद्धू के घर के बाहर गोलियां चलाते नजर आ रहे हैं। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। गुलाब सिद्धू को दिवंगत गायक सिद्धू मूसेवाला का करीबी माना जाता है। बताया जा रहा है कि उन्हें पहले भी जान से मारने की धमकियां मिल चुकी थीं।

फायरिंग के वक्त घर पर नहीं थे गुलाब सिद्धू

पुलिस के मुताबिक, फायरिंग के समय गुलाब सिद्धू घर पर मौजूद नहीं थे, जबकि उनके परिवार के सदस्य घर में थे। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपी नकाब पहनकर मोटरसाइकिल से गांव फरवाही स्थित सिद्धू के घर पहुंचे थे। इनमें से बाइक चला रहा एक आरोपी मोबाइल से वीडियो बनाता नजर आया, जबकि उसके साथ मौजूद दो आरोपियों ने घर के मुख्य गेट पर कई राउंड फायरिंग की।