Gurugram Ex Air Force Officer Attack: गुरुग्राम के मैग्नम ग्लोबल पार्क में पार्किंग को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। भारतीय वायुसेना के सेवानिवृत्त ग्रुप कैप्टन अमित कुमार गुप्ता पर कथित तौर पर लोहे की रॉड से हमला किया गया, जिसमें उन्हें गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पार्किंग को लेकर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, बीते गुरुवार की रात अमित कुमार गुप्ता अपने परिवार के साथ गोंजो रेस्टोरेंट में डिनर करने पहुंचे थे। परिवार को उतारने के बाद कार पार्क करने को लेकर उनका पार्किंग स्टाफ से विवाद हो गया। गुप्ता का आरोप है कि उन्हें वैलेट, बेसमेंट और मल्टी-लेवल पार्किंग के बीच इधर-उधर भेजा गया। इसी दौरान एक पार्किंग अटेंडेंट ने कथित तौर पर उनकी कार की विंडशील्ड तोड़ने की कोशिश की।
लोहे की रॉड से हमला करने का आरोप
विवाद बढ़ने के बाद मामला हाथापाई तक पहुंच गया। आरोप है कि पार्किंग स्टाफ ने गुप्ता पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में उन्हें गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। मामले को लेकर पुलिस जांच में जुटी है।
करगिल युद्ध में वायुसेना के ऑपरेशन का हिस्सा रहे हैं अमित
अमित कुमार गुप्ता ने पुलिस में शिकायत देकर हमले के मामले में कार्रवाई की मांग की है। उनका आरोप है कि घटना के दौरान मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों और पार्किंग स्टाफ में से किसी ने उनकी मदद नहीं की। गुप्ता के मुताबिक, हेल्पलाइन पर फोन करने के करीब आधे घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची। उन्होंने पुलिस पर मदद नहीं करने और अस्पताल पर गलत मेडिकल रिपोर्ट तैयार करने का भी आरोप लगाया है। गुप्ता 1999 के करगिल युद्ध के दौरान भारतीय वायुसेना के ‘ऑपरेशन सफेद सागर’ का हिस्सा रह चुके हैं।

