Gurugram News Today: हरियाणा में बास्केटबॉल पोल हादसों का खतरा एक बार फिर सामने आया है। गुरुग्राम की अंतरिक्ष हाइट्स सोसायटी में खेलते समय अचानक बास्केटबॉल पोल गिर गया, जिसकी चपेट में आने से एक लड़का गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद सोसायटी की सुरक्षा व्यवस्था और मेंटेनेंस पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
मेंटेनेंस फीस वसूली, लेकिन सुरक्षा इंतजामों में लापरवाही
सोसायटी में रहने वाले लोग हर महीने मेंटेनेंस के नाम पर अच्छी-खासी रकम चुकाते हैं, ताकि परिसर सुरक्षित रहे और सभी सुविधाएं सही ढंग से संचालित हों। लेकिन कई सोसायटियों में इन पैसों के बावजूद पुराने और जर्जर उपकरणों की न तो समय पर मरम्मत कराई जाती है और न ही उन्हें बदला जाता है। नियमित सुरक्षा जांच की कमी का खामियाजा आखिरकार वहां रहने वाले लोगों को हादसों के रूप में भुगतना पड़ता है। गुरुग्राम की यह घटना भी इसी लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
खेलते-खेलते गिरा बास्केटबॉल पोल, लड़का नीचे दबा
गुरुग्राम की एक सोसायटी से सामने आए सीसीटीवी वीडियो में हादसे का खौफनाक मंजर कैद हुआ है। वीडियो में 9-10 लड़के बास्केटबॉल खेलते नजर आते हैं। खेल के दौरान एक लड़का जैसे ही बास्केटबॉल पोल से लटकता या उसे पकड़कर पलटने की कोशिश करता है, तभी पूरा पोल अचानक उखड़कर जमीन पर गिर पड़ता है। इससे पहले कि बाकी लड़के कुछ समझ पाते या वहां से हटते, नीचे खड़ा एक लड़का पोल की चपेट में आ जाता है और उसके नीचे दब जाता है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच जाती है और घायल लड़के को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जाता है।
सिर पर गिरा पोल, दोस्तों ने बचाई जान
हादसे के दौरान बास्केटबॉल का भारी पोल सीधे सफेद टी-शर्ट पहने लड़के के सिर पर आ गिरा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पोल के नीचे दबते ही मौके पर मौजूद अन्य लड़के उसकी मदद के लिए दौड़ पड़े। उन्होंने तुरंत पोल को हटाकर घायल को बाहर निकाला और बिना देर किए इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। इस घटना ने एक बार फिर सोसायटी की सुरक्षा व्यवस्था और मेंटेनेंस पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि यदि खेल उपकरणों की समय-समय पर जांच और मरम्मत होती, तो शायद इस तरह के हादसे से बचा जा सकता था।
पहले भी हो चुके हैं ऐसे हादसे
नवंबर 2025 में हरियाणा के रोहतक और झज्जर में बास्केटबॉल पोल गिरने से दो खिलाड़ियों, हार्दिक राठी और अमन की मौत हो गई थी। इसके बाद दोनों जिलों के खेल अधिकारियों को निलंबित किया गया था और राज्यभर में बास्केटबॉल पोलों की जांच के आदेश दिए गए थे। बावजूद इसके, गुरुग्राम में फिर ऐसा हादसा सामने आ गया।

