Gurugram: गुरुग्राम के सेक्टर-89 में देर रात एक काली महिंद्रा थार के चालक ने सड़क पर जमकर उत्पात मचाया। दिल्ली नंबर की थार में चार दोस्त पहुंचे थे, जहां किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद हो गया। इसके बाद दो युवक गाड़ी से उतरकर घर जाने के लिए रैपिडो कैब बुक कर सड़क किनारे खड़े हो गए।
कैब में बैठते ही भड़का Thar चालक
कैब के पहुंचते ही थार चालक का गुस्सा भड़क गया। आरोप है कि नशे में धुत चालक ने कैब को निशाना बनाते हुए अपनी थार को बार-बार रिवर्स किया और तेज रफ्तार में कैब को जोरदार टक्कर मार दी। कैब चालक के रोकने की गुहार के बावजूद वह गाड़ी से टक्कर मारता रहा।
हमले में कैब का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि, समय पर एयरबैग खुलने से कैब चालक और दोनों युवक बाल-बाल बच गए।
राहगीरों ने बनाया वीडियो, आरोपी फरार
घटना के दौरान राहगीरों ने पूरी वारदात का वीडियो बना लिया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। घटना की सूचना कैब चालक ने खेड़कीदौला थाना पुलिस को दी। पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी थार चालक एक साथी के साथ फरार हो गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। दिल्ली नंबर की थार के जरिए आरोपियों की पहचान और तलाश की जा रही है।

