Wednesday, Nov 11

होम = Breaking = गुवाहाटी के पास कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस के पांच डिब्बे पटरी से उतरे, सभी यात्री सुरक्षित

गुवाहाटी के पास कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस के पांच डिब्बे पटरी से उतरे, सभी यात्री सुरक्षित

Guwahati Train Derailment: असम में बुधवार सुबह एक बड़ा रेल हादसा हो गया। गुवाहाटी के बाहरी इलाके में डिगारू के पास ट्रेन नंबर 13125 कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस के इंजन समेत पांच डिब्बे पटरी से उतर गए। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हादसा सुबह करीब 6:54 बजे हुआ, जब ट्रेन डिगारू रेलवे स्टेशन पहुंच रही थी।

बताया गया कि दूसरी ट्रेन को पहले रास्ता देने के लिए एक्सप्रेस को स्टेशन पर लिया जा रहा था। इसी दौरान ट्रेन की रफ्तार नियंत्रित नहीं हो पाई और उसके पांच डिब्बे पटरी से उतर गए। शुरुआती खबरों में यात्रियों के घायल होने की आशंका जताई गई थी, लेकिन रेलवे ने स्पष्ट किया कि सभी यात्री सुरक्षित हैं और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

यात्रियों के लिए दूसरी ट्रेन का इंतजाम

हादसे के बाद राहत और बचाव अभियान शुरू कर दिया गया। यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए दूसरी ट्रेन की व्यवस्था की गई है। इस घटना के कारण दो अन्य ट्रेनों को भी रास्ते में नियंत्रित किया गया। ट्रेन नंबर 12067 गुवाहाटी-जोरहाट टाउन जनशताब्दी एक्सप्रेस को पनबारी और ट्रेन नंबर 15627 कोयंबटूर-सिलचर एक्सप्रेस को पानीखैती में रोका गया।

घटनास्थल के लिए रवाना हुए रेलवे अधिकारी

हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे के महाप्रबंधक सहित अन्य अधिकारी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। मौके पर राहत और बचाव कार्य जारी है। रेलवे के अनुसार, हादसे में किसी यात्री को चोट नहीं आई है।