Monday, Nov 09

होम = Others = ग्वालियर ज़ू के बाहर से लापता हुई पत्नी 20 दिन बाद मिली, पति ने प्रेमी संग भागने का लगाया आरोप

ग्वालियर ज़ू के बाहर से लापता हुई पत्नी 20 दिन बाद मिली, पति ने प्रेमी संग भागने का लगाया आरोप

Gwalior: मध्य प्रदेश के ग्वालियर में चिड़ियाघर के बाहर से रहस्यमय तरीके से लापता हुई 18 वर्षीय विवाहित महिला को पुलिस ने 20 दिन बाद सुरक्षित ढूंढ निकाला है। महिला के पति ने उसके प्रेमी के साथ भागने की आशंका जताई थी। हालांकि, महिला का कहना है कि वह रास्ता भटक गई थी और उसने एक युवक से लिफ्ट ली थी।

बाइक पार्क करने गया पति, गायब हुई पत्नी

शिवपुरी जिले का रहने वाला दंपति रिश्तेदारों से मिलने ग्वालियर आया था। इसी दौरान पत्नी की इच्छा पर दोनों चिड़ियाघर घूमने पहुंचे। पति उसे प्रवेश द्वार पर छोड़कर मोटरसाइकिल पार्क करने चला गया। वापस लौटने पर पत्नी वहां नहीं मिली।

CCTV में दूसरे युवक के साथ दिखी महिला

पत्नी के अचानक गायब होने के बाद पति ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। CCTV फुटेज की जांच में महिला एक युवक की बाइक पर बैठकर जाती दिखाई दी। पति ने बाइक सवार की पहचान अरमान खान के रूप में की और आरोप लगाया कि दोनों के बीच प्रेम संबंध हैं।

महिला ने कहा- रास्ता भटकने पर ली थी लिफ्ट

मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने महिला को 20 दिन बाद ढूंढ निकाला। पूछताछ में उसने बताया कि वह रास्ता भटक गई थी और घर पहुंचने के लिए बाइक सवार युवक से लिफ्ट मांगी थी।

कोर्ट में दर्ज होगा महिला का बयान

सीएसपी रॉबिन जैन ने बताया कि महिला सुरक्षित है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस युवक की भूमिका और महिला के लापता होने की परिस्थितियों की जांच कर रही है।

उन्होंने कहा कि महिला बालिग है और अपनी इच्छा से कहीं भी जा सकती है, बशर्ते उसे जबरन न ले जाया गया हो। अब महिला का बयान अदालत में दर्ज कराया जाएगा, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई होगी।

ये भी पढ़े: इजरायल चुनाव पर हिज्बुल्लाह का आया रिएक्शन,कहा- इस चुनाव परिणाम से कोई फर्क नहीं पड़ता, प्रतिरोध जारी रहेगा