होम = State = उत्तर प्रदेश = हापुड़ हाईवे हादसा: बस से उतरते यात्रियों पर चढ़ा ट्रक, 2 की मौत

हापुड़ हाईवे हादसा: बस से उतरते यात्रियों पर चढ़ा ट्रक, 2 की मौत

Hapur Highway Accident: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर सोमवार देर शाम एक भीषण सड़क हादसाहुआ। रोडवेज बस से नीचे उतर रहे यात्रियों को एक तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में एक मासूम बच्ची और एक युवती की मौत हो गई, जबकि लगभग एक दर्जन लोग घायल हो गए।

हादसे के दौरान मची चीख-पुकार

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस से यात्री उतर ही रहे थे कि तभी तेज गति से आया ट्रक उन पर चढ़ गया। अचानक हुए इस हादसे में लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

पुलिस और प्रशासन ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी (सीओ) के नेतृत्व में दो थानों की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू करते हुए घायलों को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भेजा। बताया जा रहा है कि कई घायलों की हालत गंभीर है और उनका इलाज जारी है।

चालक फरार, जांच में जुटी पुलिस

हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए

पुलिस ने दोनों मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। साथ ही मृतकों और घायलों की पहचान की प्रक्रिया भी जारी है।

ये भी पढ़े: बागी गुट ने ममता बनर्जी को TMC अध्यक्ष पद से हटाया