होम = Breaking = हर घर तिरंगा अभियान की आज से शुरुआत, सीएम योगी के नेतृत्व में निकलेगी भव्य तिरंगा यात्रा

हर घर तिरंगा अभियान की आज से शुरुआत, सीएम योगी के नेतृत्व में निकलेगी भव्य तिरंगा यात्रा

Tiranga Yatra: चुनावी तैयारियों के बीच भारतीय जनता पार्टी प्रदेश में राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश देने के लिए ‘हर घर तिरंगा-तिरंगा यात्रा’ अभियान शुरू करने जा रही है। अभियान की शुरुआत आज राजधानी लखनऊ से होगी। मुख्यमंत्री आवास से सुबह 8 बजे तिरंगा यात्रा निकलेगी, जिसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता, मंत्री, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आम नागरिक शामिल होंगे।

सीएम योगी समेत कई नेता हाथों में थामेंगे तिरंगा

मुख्यमंत्री आवास से निकलने वाली यात्रा में सीएम योगी आदित्यनाथ, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह, दोनों उपमुख्यमंत्री और प्रदेश सरकार के कई मंत्री शामिल होंगे। भाजपा के संगठन पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ स्वयंसेवी संगठन, सामाजिक संस्थाएं, युवा, महिलाएं और स्थानीय नागरिक भी यात्रा का हिस्सा बनेंगे।

लोकभवन तक जाएगी तिरंगा यात्रा

यात्रा में शामिल लोग हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर भारत माता का जयघोष करेंगे और देश के अमर बलिदानियों को नमन करेंगे। मुख्यमंत्री आवास से शुरू होने वाली यह यात्रा हजरतगंज स्थित लोकभवन तक पहुंचेगी।

15 अगस्त तक चलेगा भाजपा का विशेष अभियान

‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत 10, 11 और 12 अगस्त को प्रदेश के सभी मंडलों में तिरंगा यात्राएं निकाली जाएंगी। इसके बाद 13 अगस्त को जिला मुख्यालयों और अन्य प्रमुख स्थानों पर भी तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया जाएगा।

विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर होंगे कार्यक्रम

14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर मौन जुलूस और संगोष्ठियां आयोजित की जाएंगी। वहीं, 13 से 15 अगस्त तक घरों, प्रतिष्ठानों, व्यापारिक संस्थानों और कार्यालयों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए व्यापक जनसंपर्क और जनजागरण अभियान चलाया जाएगा।

ये भी पढ़ें: Aaj ka Rashifal: किस राशि को मिलेगा धन लाभ? जानें आज का भविष्यफल