Harish Rawat: अभिनेत्री सारा अली खान के केदारनाथ मंदिर जाने और वहां पूजा करने को लेकर जारी फतवे पर कांग्रेस नेता और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने आपत्ति जताई है। उन्होंने सारा का समर्थन करते हुए कहा कि हर व्यक्ति को अपनी आस्था रखने का अधिकार है। धर्मपरायण होना अलग बात है और कट्टरपंथी होना अलग। उन्होंने सवाल उठाया कि किसी को अपनी धार्मिक आस्था का पालन करने से क्यों रोका जाना चाहिए
सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए रखी अपनी बात
हरीश रावत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर इस मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि एक समाचार पत्र में सारा अली खान को लेकर चिंताजनक बयान पढ़ने को मिला। सारा श्रद्धा के साथ केदारनाथ पहुंचती हैं। वह पहले भी वहां गई थीं और इस बार भी दर्शन करने पहुंचीं। रावत ने सारा के पारिवारिक परिचय का जिक्र करते हुए कहा कि वह नवाब पटौदी और शर्मिला टैगोर की पोती और सैफ अली खान की बेटी हैं। उनकी अपनी आस्था है, साथ ही वह अपने पिता से मिले धर्म का भी पालन करती हैं।
'आस्था रखने से किसी को क्यों रोक रहे हैं?'
कांग्रेस नेता ने कहा कि कुछ लोग सारा के केदारनाथ जाने को लेकर फतवा जारी कर रहे हैं। उनके मुताबिक, इस तरह की कट्टरपंथिता समाज और देश को किस दिशा में ले जाएगी, इस पर विचार होना चाहिए। उन्होंने कहा कि कोई व्यक्ति अपने धर्म का पालन करते हुए उसके गुणों का प्रचार कर सकता है, लेकिन किसी दूसरे को उसकी आस्था रखने से रोकना उचित नहीं है। रावत ने यह भी कहा कि इंसान मुलायम स्वभाव का रहते हुए भी धर्मपरायण हो सकता है।
मूर्ति पूजा और आस्था के बीच अंतर का किया जिक्र
हरीश रावत ने कहा कि वह जानते हैं कि इस्लाम में मूर्ति पूजा नहीं होती, लेकिन आस्था और मूर्ति पूजा में अंतर है। उन्होंने संभावना जताई कि कोई व्यक्ति मंदिर में जाकर ध्यान करते हुए अल्लाह को भी याद कर सकता है। उन्होंने कहा कि दुनिया की सभी भूमि नारायण की है, अल्लाह की है और गॉड की है। रावत के अनुसार, कट्टरपंथिता से समाज और भारत पहले से ही प्रभावित हैं। ऐसे लोग हिंदुओं और मुसलमानों, दोनों समुदायों में मौजूद हैं और चर्चा में आने के लिए समाज को नुकसान पहुंचाते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे लोग न हिंदुओं के हितैषी हैं, न मुसलमानों के और न ही अपने धर्म के।
क्या है सारा अली खान को लेकर विवाद?
दरअसल, बरेली के मौलाना मुफ्ती शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने सारा अली खान के केदारनाथ मंदिर जाने और पूजा-पाठ करने पर फतवा जारी किया है। मौलाना का कहना है कि इस्लामिक शरीयत के मुताबिक किसी मुस्लिम महिला या पुरुष के लिए दूसरे धर्म के धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार पूजा-पाठ करना जायज नहीं है। उन्होंने सारा के मंदिर जाने और पूजा करने को शरीयत की नजर में गलत बताते हुए उनसे तौबा करने और खुदा से माफी मांगने की बात कही है। इसी बयान के बाद हरीश रावत ने धार्मिक कट्टरता पर सवाल उठाते हुए आपसी सम्मान और आस्था की स्वतंत्रता की बात कही है।
ये भी पढ़ें: अमेरिका में मिड टर्म चुनाव की उलटी गिनती शुरू, 4.3 करोड़ लोगों ने पहले ही डाला वोट

