Himachal Pradesh Rain: हिमाचल प्रदेश में बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है और तीन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। लगातार बारिश के कारण कई सड़कें बंद हैं, जबकि पेयजल योजनाएं भी प्रभावित हुई हैं।
मंडी में सबसे ज्यादा 44 सड़कें बंद
राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र के मुताबिक, रविवार शाम तक हिमाचल प्रदेश में बारिश और उससे जुड़ी घटनाओं के कारण 118 सड़कें बंद थीं। इनमें सबसे ज्यादा 44 सड़कें मंडी में, जबकि कुल्लू में 39 और शिमला में 13 सड़कें बंद हैं। बारिश से कम से कम 18 पेयजल योजनाएं भी प्रभावित हुई हैं।
मानसून में अब तक 68 लोगों की मौत
अधिकारियों के मुताबिक, 30 जून को मानसून शुरू होने के बाद से हिमाचल प्रदेश में बारिश से जुड़ी घटनाओं में कम से कम 68 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें 14 लोगों की जान भूस्खलन और एक की मौत अचानक आई बाढ़ में हुई। लगातार बारिश से राज्य को अब तक करीब 835 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।

