Buffalo Stomach Metal: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक गर्भवती भैंस के पेट से सर्जरी के दौरान बड़ी मात्रा में कील, तार और धातु के छोटे-छोटे टुकड़े निकाले गए। ऊना के बरेवली गांव की इस भैंस को पिछले कई दिनों से चारा न खाने और लगातार अस्वस्थ रहने के कारण लालड़ी स्थित वेटनरी पॉलीक्लिनिक लाया गया था। जांच के बाद डॉक्टरों ने ऑपरेशन करने का फैसला लिया, जिसमें भैंस के पेट से भारी मात्रा में मेटल मिलने से सभी हैरान रह गए।
जांच में पेट में मिला मेटल, डॉक्टरों ने तुरंत सर्जरी का लिया फैसला
वेटरनरी ऑफिसर डॉ. निशांत रनौत ने बताया कि भैंस की ब्लड जांच और अल्ट्रासाउंड समेत विस्तृत चिकित्सकीय जांच की गई, जिसमें उसके पेट में बड़ी मात्रा में धातु के टुकड़े होने की पुष्टि हुई। इसके बाद पशु मालिक को बताया गया कि इसी वजह से उसकी हालत गंभीर है और तत्काल सर्जरी कराना जरूरी है। डॉ. निशांत रनौत, डॉ. नवनीत शर्मा, डॉ. शिल्पा रनौत और डॉ. स्टीफन प्रधान की टीम ने सफल ऑपरेशन कर भैंस के पेट से करीब 66 किलो खतरनाक मेटल बाहर निकाला। डॉक्टरों के अनुसार, समय पर सर्जरी नहीं होती तो ये धातु के टुकड़े पेट और अन्य आंतरिक अंगों को गंभीर नुकसान पहुंचाकर भैंस की जान के लिए खतरा बन सकते थे।
ऑपरेशन के बाद भैंस की हालत में सुधार, पशुपालकों को दी अहम सलाह
डॉ. निशांत रनौत ने बताया कि सफल सर्जरी के बाद भैंस की हालत में लगातार सुधार हो रहा है और उसे पहले की तुलना में दर्द से भी काफी राहत मिली है। उन्होंने कहा कि अगले सात दिनों तक विशेषज्ञ वेटरनरी डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी रहेगा। साथ ही उन्होंने पशुपालकों से अपील की कि पशुओं को सूखा चारा या भूसा खिलाने से पहले उसे अच्छी तरह जांच लें, ताकि उसमें मौजूद कील, तार या धातु के अन्य टुकड़े गलती से पशुओं के पेट में न पहुंचें और इस तरह की गंभीर स्थिति से बचा जा सके।

