रैपर और सिंगर यो यो हनी सिंह के परिवार से दुखद खबर सामने आई है। उनके भतीजे विदित औलक की पंजाब के जालंधर में हुए सड़क हादसे में मौत हो गई। इस दुर्घटना में विदित के साथ मौजूद उनके दोस्त आरव तलवार की भी जान चली गई। हादसे के बाद हनी सिंह ने सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट साझा कर अपना दुख जाहिर किया।
जानकारी के मुताबिक, यह दुर्घटना रविवार तड़के हुई। विदित और आरव एक बर्थडे पार्टी से लौट रहे थे। दोनों वोक्सवैगन कार में सवार थे। जालंधर के पुलिस लाइंस इलाके के पास फ्लाईओवर पर उनकी कार नगर निगम की खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हनी सिंह ने सोशल मीडिया पर जताया दुख
भतीजे की मौत की खबर से हनी सिंह काफी दुखी हैं। उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए अपनी भावनाएं जाहिर कीं। सिंगर ने लिखा कि यह दशक उनके लिए दुखों से भरा रहा है और उन्होंने अपना भतीजा खो दिया है।
पोस्ट के आखिर में उन्होंने भगवान भोलेनाथ को याद करते हुए उनसे कृपा करने की प्रार्थना की। उनकी इस पोस्ट के बाद प्रशंसकों और करीबियों की ओर से संवेदनाएं जताई जा रही हैं।
कौन थे विदित औलक?
विदित औलक, हनी सिंह के भतीजे थे। वह पंजाबी म्यूजिक कंपनी स्पीड रिकॉर्ड्स के मालिक दिनेश औलक के बेटे थे। हादसे में जान गंवाने वाले उनके दोस्त आरव तलवार, पैपी स्वीट्स के मालिक के बेटे बताए जा रहे हैं।
फ्लाईओवर पर सफाई के लिए खड़ी थी ट्रैक्टर-ट्रॉली
पुलिस के मुताबिक, हादसे की सूचना रविवार सुबह करीब 3 बजे मिली थी। उस समय नगर निगम के कर्मचारी फ्लाईओवर पर सफाई कर रहे थे। कचरा इकट्ठा करने के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क पर खड़ी की गई थी।
बताया गया कि कार बीएमसी चौक से बीएसएफ चौक की ओर जा रही थी। इसी दौरान चालक का वाहन से नियंत्रण बिगड़ा और कार ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा भिड़ी। पुलिस दुर्घटना से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।
कार में पांच लोग थे, हादसे के समय दो ही मौजूद
पुलिस अधिकारी के अनुसार, कार में शुरुआत में पांच लोग सवार थे। हालांकि, दुर्घटना के वक्त उसमें केवल विदित औलक और आरव तलवार मौजूद थे। बाकी तीन लोग पहले ही कार से उतर चुके थे।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और दोनों के शवों को कब्जे में लिया। रिपोर्ट के मुताबिक, परिजनों ने आगे कानूनी कार्रवाई से इनकार किया। इसके बाद पुलिस ने शव परिवार को सौंप दिए।

