Saturday, Sep 26

होम = State = पश्चिम बंगाल = Durgapur case : ‘आधी रात लड़की कॉलेज से बाहर कैसे आई?’ सीएम ममता बनर्जी ने निजी कॉलेज पर उठाए सवाल

Durgapur case : ‘आधी रात लड़की कॉलेज से बाहर कैसे आई?’ सीएम ममता बनर्जी ने निजी कॉलेज पर उठाए सवाल

Durgapur case : पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर में मेडिकल छात्रा के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म की घटना पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अपनी पहली प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि यह घटना बेहद चौंकाने वाली है और उनकी सरकार ऐसे अपराधों को बिल्कुल भी सहन नहीं करेगी।

सीएम ममता बनर्जी ने बताया कि इस मामले में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और बाकी की तलाश जारी है। उन्होंने साफ कहा कि किसी को भी छोड़ा नहीं जाएगा।

ममता बनर्जी ने यह भी कहा कि निजी कॉलेजों को अपने कैंपस और उसके आसपास सुरक्षा की व्यवस्था पक्की करनी चाहिए।

निजी मेडिकल कॉलेज पर उठाए सवाल

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आगे कहा कि पीड़ित लड़की एक निजी मेडिकल कॉलेज में पढ़ती थी, इसलिए कॉलेज को यह देखना चाहिए था कि रात 12:30 बजे वह कैसे बाहर गई। उन्होंने बताया कि घटना वन क्षेत्र के पास हुई है और फिलहाल पुलिस जांच कर रही है। उन्होंने कहा, "मुझे ठीक से नहीं पता उस वक्त क्या हुआ, लेकिन जांच जारी है। अब तक तीन आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं और किसी को छोड़ा नहीं जाएगा। दोषियों को कड़ी सजा दी जाएगी।"

विपक्ष के आरोपों पर ममता बनर्जी का जवाब

विपक्ष द्वारा सरकार की आलोचना किए जाने पर सीएम ममता ने पलटवार किया। उन्होंने कहा, "तीन हफ्ते पहले ओडिशा में समुद्र तट पर तीन लड़कियों के साथ रेप हुआ था। बताइए, ओडिशा सरकार ने क्या कार्रवाई की?"

उन्होंने कहा कि जब बंगाल में महिलाओं से जुड़ी कोई घटना होती है, तो उनकी सरकार उसे गंभीरता से लेती है, उसे हल्के में नहीं लेती है। ममता ने आगे कहा, "ऐसी घटनाएं अगर किसी भी राज्य में हों- चाहे उत्तर प्रदेश, बिहार या ओडिशा — सभी जगह कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए, क्योंकि ये निंदनीय घटनाएं हैं।"

जानें पूरा मामला?

ओडिशा के जलेश्वर की रहने वाली एक मेडिकल छात्रा के साथ दुर्गापुर में सामूहिक दुष्कर्म की घटना सामने आई है। पीड़िता की हालत स्थिर है और अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस को दिए बयान में छात्रा ने बताया कि वह अपने पुरुष मित्र के साथ कॉलेज कैंपस के बाहर खाना खाने गई थी, तभी आरोपियों ने उसे जबरन सुनसान इलाके में खींच लिया और घिनौनी वारदात को अंजाम दिया।

पीड़िता के पिता ने सुरक्षा पर जताई चिंता

पीड़िता के पिता ने अपनी बेटी की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है और कहा कि वह अपनी बेटी को ओडिशा ले जाना चाहते हैं क्योंकि उन्हें लगता है कि दुर्गापुर में उसकी सुरक्षा खतरे में है। उन्होंने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया है कि वे उन्हें अपनी बेटी को सुरक्षित स्थान पर ले जाने की अनुमति दें। मुख्यमंत्री और अन्य वरिष्ठ अधिकारी पीड़िता के परिवार के साथ संपर्क में हैं और मामले की जांच करवा रहे हैं। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है और दो अन्य की तलाश जारी है।

Tags :