Hyderabad Female Doctor Death: हैदराबाद के मियापुर इलाके में एक होटल के कमरे में 27 वर्षीय पीजी मेडिकल छात्रा कोमाती श्रीजना का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गई। श्रीजना हनमकोंडा के एक मेडिकल कॉलेज में पीडियाट्रिक्स की पढ़ाई कर रही थीं। परिवार से संपर्क टूटने के बाद पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर होटल के कमरा नंबर 502 से उनका शव बरामद किया। मामले में उनके पिता ने हत्या की आशंका जताते हुए शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सोने की चेन लौटाने के लिए होटल पहुंची थीं श्रीजना
पुलिस के मुताबिक, संगारेड्डी जिले की रहने वाली श्रीजना 30 सितंबर को हैदराबाद आई थीं। बताया जा रहा है कि उनके एक पुरुष दोस्त ने सोने की चेन लौटाने को लेकर बातचीत करने के लिए उन्हें होटल बुलाया था। इसके बाद दोनों होटल में मौजूद थे। जानकारी के अनुसार, वह पुरुष दोस्त 1 अक्टूबर को होटल से चला गया, लेकिन उसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल पाया है।
कमरा नंबर 502 में मिला महिला डॉक्टर का शव
श्रीजना से संपर्क नहीं हो पाने के कारण उनके परिजन परेशान हो गए। परिवार ने पुलिस से संपर्क कर उनकी तलाश करने की गुहार लगाई। इसके बाद पुलिस ने मोबाइल फोन की लोकेशन के आधार पर मियापुर स्थित होटल ग्रैंड ब्रोचिल का पता लगाया। पुलिस जब होटल पहुंची तो कमरा नंबर 502 में श्रीजना का शव मिला। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। शुरुआती जांच में श्रीजना के शरीर पर चोट के कोई स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। ऐसे में उनकी मौत की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है।
पिता ने जताई हत्या की आशंका
श्रीजना के पिता के. भूमय्या ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए बेटी की हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। उनकी शिकायत के आधार पर मियापुर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिससे मौत के कारणों का पता चल सके।
CCTV फुटेज और लापता दोस्त की तलाश
पुलिस अब होटल में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। जांच टीम श्रीजना के होटल पहुंचने से लेकर शव बरामद होने तक की पूरी घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। इसके साथ ही उस पुरुष दोस्त की तलाश भी की जा रही है, जो कथित तौर पर 1 अक्टूबर को होटल से निकलने के बाद से लापता है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि श्रीजना होटल क्यों पहुंची थीं, उनके साथ कमरे में कौन मौजूद था और उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की आगे की जांच की जाएगी।
ये भी पढ़ें: मनोज तिवारी निभाएंगे केवट का किरदार, एआई और डिजिटल इफेक्ट्स से सजेगी लालकिले की रामलीला

