होम = News Latest = हैदराबाद: POCSO आरोपी ने 6 लोगों की हत्या की, पत्नी-बच्चों समेत शिकायतकर्ता परिवार को बनाया निशाना

हैदराबाद: POCSO आरोपी ने 6 लोगों की हत्या की, पत्नी-बच्चों समेत शिकायतकर्ता परिवार को बनाया निशाना

Hyderabad POCSO Murder Case: हैदराबाद के पास तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले के शाबाद मंडल में 35 वर्षीय किसान पी. राजकुमार ने कथित तौर पर छह लोगों की हत्या कर दी। मृतकों में उसकी पत्नी, डेढ़ और चार साल के दो बेटे तथा उस नाबालिग लड़की की मां, नानी और खुद लड़की शामिल हैं, जिसके परिवार ने उसके खिलाफ POCSO के तहत मामला दर्ज कराया था।

अलग-अलग जगहों पर की वारदात

फ्यूचर सिटी पुलिस आयुक्त तरुण जोशी के अनुसार, शुक्रवार देर रात राजकुमार पहले नाबालिग के घर पहुंचा और उसकी मां व नानी की हत्या कर दी। इसके बाद वह लड़की को कार में अपने गांव धैवलगुड़ा ले गया और झील के पास चाकू से उसकी हत्या कर दी। फिर अपने घर पहुंचकर सो रही पत्नी और दोनों बेटों की भी गला रेतकर हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, उसने दरांती और चाकू का इस्तेमाल किया।

POCSO केस के बाद मिली थी अग्रिम जमानत

मई में लड़की का पीछा करने और शादी का प्रस्ताव ठुकराने पर परेशान करने के आरोप में राजकुमार पर POCSO एक्ट की धारा 11 और 12 तथा BNS की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज हुआ था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह दो सप्ताह फरार रहा और बाद में अग्रिम जमानत हासिल कर व्यक्तिगत मुचलके पर रिहा हुआ। इसके बाद वह पुलिस की काउंसलिंग में भी शामिल हुआ।

हत्याओं के बाद उसने अपने पिता को फोन कर अपराध कबूल किया और आत्महत्या करने की बात कहकर मोबाइल बंद कर दिया। पिता की सूचना पर पुलिस सक्रिय हुई, लेकिन आरोपी अभी फरार है। छह शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं और उसे पकड़ने के लिए सात टीमें बनाई गई हैं।

पुलिस के अनुसार हत्या का सटीक मकसद अभी जांच के दायरे में है। शुरुआती जांच में नाबालिग के प्रति गहरी रंजिश की आशंका है, जबकि पत्नी और बच्चों की हत्या की वजह स्पष्ट नहीं है। परिजनों ने बताया कि राजकुमार जुए का आदी था, कर्ज में डूबा था और मानसिक तनाव से गुजर रहा था। शनिवार को स्थानीय लोगों और पीड़ित परिवार ने सड़क जाम कर आरोपी के एनकाउंटर की मांग की। पुलिस ने हत्या के संबंध में दो मामले दर्ज किए हैं।

ये भी पढ़े: Jaipur: स्कूल में 9 वर्षीय अमायरा की मौत; नए CCTV फुटेज से उठे सवाल, माता-पिता बोले- बेटी ने 5 बार मांगी थी मदद