होम = खेल = क्रिकेट = ICC Rankings: ईशान किशन बने दुनिया के नंबर-1 T20I बल्लेबाज

ICC Rankings: ईशान किशन बने दुनिया के नंबर-1 T20I बल्लेबाज

ICC T20I Ranking: भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन ने आईसीसी की ताजा टी20 इंटरनेशनल बल्लेबाजी रैंकिंग में पहली बार दुनिया के नंबर-1 बल्लेबाज बनकर इतिहास रच दिया है। उन्होंने अपने ही साथी अभिषेक शर्मा को पीछे छोड़ते हुए शीर्ष स्थान हासिल किया। अभिषेक करीब एक साल तक नंबर-1 बने रहे थे, लेकिन अब ईशान ने उनसे सिर्फ 7 रेटिंग अंक आगे निकलकर यह मुकाम अपने नाम कर लिया है। इससे टी20 रैंकिंग में भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा भी साफ नजर आता है।

आयरलैंड सीरीज और टी20I वर्ल्ड कप का मिला इनाम

ईशान को यह सफलता आयरलैंड के खिलाफ बेलफास्ट में खेली गई दो मैचों की टी20 सीरीज और उससे पहले टी20 वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन का इनाम मिली है। वर्ल्ड कप में उन्होंने 317 रन बनाए और उनका स्ट्राइक रेट लगभग 200 रहा। पाकिस्तान के खिलाफ कोलंबो में खेली गई मैच जिताऊ पारी के लिए उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया था। इसी प्रदर्शन के दम पर उन्होंने अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ रेटिंग हासिल कर नंबर-1 स्थान पर कब्जा जमाया।

विराट और सूर्या के खास क्लब में एंट्री

ईशान अब विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव और अभिषेक शर्मा के बाद टी20 इंटरनेशनल बल्लेबाजी रैंकिंग में नंबर-1 बनने वाले भारत के चौथे पुरुष बल्लेबाज बन गए हैं।

आयरलैंड और भारत के खिलाड़ियों को भी फायदा

आयरलैंड के लोर्कन टकर चार स्थान की छलांग लगाकर संयुक्त 77वें और रॉस अडेयर छह स्थान ऊपर चढ़कर 84वें स्थान पर पहुंच गए। गेंदबाजों में मैथ्यू हम्फ्रीज भारत के खिलाफ दो मैचों में चार विकेट लेने के बाद एक स्थान की बढ़त के साथ 25वें नंबर पर पहुंच गए और करियर की सर्वश्रेष्ठ रेटिंग हासिल की। ऑलराउंडर रैंकिंग में भारत के शिवम दुबे तीन स्थान की छलांग लगाकर सातवें, जबकि आयरलैंड के गैरेथ डेलानी 24वें और हैरी टेक्टर 38वें स्थान पर पहुंच गए।

टेस्ट रैंकिंग में भी बड़ा बदलाव

टेस्ट बल्लेबाजों की रैंकिंग में ऑस्ट्रेलिया के ट्रेविस हेड पहली बार नंबर-1 बने हैं। इंग्लैंड के हैरी ब्रूक दूसरे और जो रूट तीसरे स्थान पर खिसक गए। वहीं गेंदबाजों में भारत के जसप्रीत बुमराह ने दोबारा नंबर-1 स्थान हासिल किया, जबकि न्यूजीलैंड के मैट हेनरी दूसरे नंबर पर पहुंच गए।

नॉटिंघम टेस्ट में जीत के बाद न्यूजीलैंड के रचिन रवींद्र सातवें, डेरिल मिचेल 11वें, डेवोन कॉनवे संयुक्त 15वें और टॉम लैथम संयुक्त 31वें स्थान पर पहुंच गए। वेस्टइंडीज के खिलाफ शानदार प्रदर्शन के बाद शमार जोसेफ टेस्ट गेंदबाजों की रैंकिंग में संयुक्त 14वें, केमार रोच 17वें और न्यूजीलैंड के नाथन स्मिथ आठ स्थान की छलांग लगाने में सफल रहे।

ये भी पढ़े: ट्रंप को बड़ा झटका, US SC ने जन्मसिद्ध नागरिकता सीमित करने वाला आदेश खारिज किया