Thursday, Sep 24

होम = News Latest = अफगानिस्तान के खिलाफ दूसरे T20I में ओपनिंग पर सस्पेंस, सैमसन या वैभव में से किस पर अय्यर जताएंगे भरोसा!

अफगानिस्तान के खिलाफ दूसरे T20I में ओपनिंग पर सस्पेंस, सैमसन या वैभव में से किस पर अय्यर जताएंगे भरोसा!

by | Sep 15, 2026 | News Latest, खेल

IND vs AFG 2nd T20I: भारत और अफगानिस्तान के बीच टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला आज दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा। पहला मैच जीतकर टीम इंडिया 1-0 से आगे है और उसकी नजर सीरीज में 2-0 की बढ़त पर है। हालांकि, मैच से पहले कप्तान श्रेयस अय्यर और कोच गौतम गंभीर के सामने ओपनिंग जोड़ी को लेकर बड़ा सवाल है। अभिषेक शर्मा का खेलना तय माना जा रहा है, लेकिन उनके साथ संजू सैमसन या युवा वैभव सूर्यवंशी में से कौन पारी की शुरुआत करेगा, इस पर सस्पेंस बना हुआ है।

पहले मैच में सैमसन पर भरोसा, अब वैभव को मौका देने की मांग

सीरीज के पहले मुकाबले में टीम मैनेजमेंट ने युवा वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग इलेवन से बाहर रखते हुए संजू सैमसन को मौका दिया था। हालांकि, सैमसन इस मौके का फायदा नहीं उठा सके और सिर्फ 10 रन बनाकर आउट हो गए। एक मैच के बाद टीम में बदलाव की संभावना कम मानी जा रही है, लेकिन वैभव जैसे प्रतिभाशाली खिलाड़ी को लगातार बेंच पर बैठाना मैनेजमेंट के लिए बड़ा सवाल बन सकता है।

सैमसन पर बढ़ा है दबाव

बल्लेबाजी की बात करें तो अभिषेक शर्मा ने शानदार पारी खेलकर अपनी फॉर्म को लेकर उठ रहे सवालों का जवाब दे दिया। वहीं, अच्छी फॉर्म में चल रहे ईशान किशन ने ट्रेनिंग के दौरान पीठ में लगी हल्की चोट की चिंता को पीछे छोड़ते हुए 33 गेंदों में 42 रन बनाए। दूसरी ओर, संजू सैमसन एक बार फिर जल्दी आउट हो गए और अब दूसरे मैच में बड़ी पारी खेलकर वापसी करना चाहेंगे। टी20 वर्ल्ड कप जीत में अहम भूमिका निभा चुके सैमसन की हालिया फॉर्म हालांकि चिंता का विषय रही है। अफगानिस्तान सीरीज से पहले उन्होंने चार पारियों में सिर्फ 33 रन बनाए थे। ऐसे में युवा वैभव सूर्यवंशी से मिल रही कड़ी चुनौती के बीच सैमसन के सामने ओपनिंग स्लॉट बचाए रखने का दबाव बढ़ गया है। माना जा रहा है कि अय्यर एशियाई खेलों को ध्यान में रखते हुए टीम के संयोजन को भी परख रहे हैं।

अफगानिस्तान के सामने बड़ी चुनौती

भारतीय टीम के लिए ओपनिंग को लेकर चल रही चर्चा एक मजबूत टीम की छोटी-मोटी चिंता है। पहले मैच में अफगानिस्तान भारत के सामने पूरी तरह बेअसर नजर आया। न उसकी बल्लेबाजी में पर्याप्त दम दिखा और न गेंदबाजी आक्रमण भारतीय बल्लेबाजों पर दबाव बना सका। छोटी सीरीज में वापसी के लिए अफगानिस्तान को अपनी बल्लेबाजी में बड़ा सुधार करना होगा, खासकर टॉप ऑर्डर को पहले मैच की गलतियों से सीखते हुए बेहतर शुरुआत देनी होगी।