होम = Breaking = चीन को भारत का साफ संदेश! जयशंकर ने ट्रेड, सप्लाई चेन और बाजार पहुंच पर रखी बात

चीन को भारत का साफ संदेश! जयशंकर ने ट्रेड, सप्लाई चेन और बाजार पहुंच पर रखी बात

India China Relations: भारत-चीन रिश्तों में भले ही बर्फ पिघलती दिख रही हो, लेकिन आर्थिक मोर्चे पर कई अहम मुद्दे अब भी अनसुलझे हैं। फिलीपींस के मनीला में हुई मुलाकात के दौरान विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने चीनी विदेश मंत्री वांग यी के सामने भारत की तीन प्रमुख चिंताएं बढ़ता ट्रेड घाटा, चीनी बाजार तक निष्पक्ष पहुंच और सप्लाई चेन को मजबूती से उठाया। साथ ही स्पष्ट किया कि इन मुद्दों का समाधान दोनों देशों के संबंधों को आगे बढ़ाने के लिए बेहद जरूरी है।

व्यापार और सप्लाई चेन पर भारत का जोर

मनीला में हुई बैठक के दौरान विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कहा कि भारतीय कंपनियों को चीनी बाजार में निष्पक्ष और बेहतर पहुंच मिलना भारत की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने दोनों देशों के बीच बढ़ते व्यापार असंतुलन को दूर करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। साथ ही कहा कि भारत और चीन के बीच सप्लाई चेन को अधिक भरोसेमंद और स्थिर बनाया जाना चाहिए, ताकि वैश्विक परिस्थितियों का असर कारोबार पर कम पड़े। जयशंकर ने यह भी कहा कि दोनों देशों के बीच नियमित द्विपक्षीय बैठकों का सिलसिला जारी रहना चाहिए और उन्हें दोनों पक्षों की प्राथमिकताओं के आधार पर आगे बढ़ाया जाना चाहिए।

बाजार तक पहुंच को लेकर दोनों देशों की अपनी मांगें

भारत लंबे समय से चीन के फार्मास्युटिकल, आईटी और कृषि क्षेत्रों में अपने उत्पादों और कंपनियों के लिए बेहतर बाजार पहुंच की मांग करता रहा है। नई दिल्ली का कहना है कि भारतीय दवाइयों, कृषि उत्पादों और आईटी सेवाओं को चीनी बाजार में अधिक अवसर मिलने चाहिए। वहीं, चीन भी भारतीय बाजार में अपनी कंपनियों के लिए निष्पक्ष, पारदर्शी और अनुमानित कारोबारी माहौल की मांग करता रहा है। ऐसे में दोनों देशों के बीच बाजार तक समान और संतुलित पहुंच का मुद्दा आर्थिक संबंधों का अहम हिस्सा बना हुआ है।