India GDP Growth 2026: वैश्विक स्तर पर आर्थिक और कारोबारी चुनौतियों के बीच भारतीय अर्थव्यवस्था की मजबूत तस्वीर सामने आई है। मोदी सरकार के लिए लगातार दो दिनों में दो सकारात्मक खबरें आईं। पहले वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में जीडीपी ग्रोथ उम्मीद से बेहतर रही और इसके अगले दिन अगस्त के जीएसटी कलेक्शन के आंकड़ों ने सरकारी खजाने के मजबूत होने का संकेत दिया।
पहली गुड न्यूज: 7.8% रही GDP ग्रोथ
सरकार की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, वित्त वर्ष 2026-27 की अप्रैल-जून तिमाही में भारत की अर्थव्यवस्था 7.8 फीसदी की दर से बढ़ी। पिछले साल की इसी तिमाही में जीडीपी ग्रोथ 6.9 फीसदी रही थी। इस बार का आंकड़ा कई अनुमानों से भी बेहतर रहा। विशेषज्ञों और आरबीआई की ओर से पहली तिमाही में विकास दर करीब 7.1 से 7.2 फीसदी रहने का अनुमान लगाया गया था। वैश्विक व्यापार में अनिश्चितता, टैरिफ से जुड़े तनाव, युद्ध की स्थिति, सप्लाई चेन पर दबाव और ऊर्जा कीमतों में उतार-चढ़ाव जैसी चुनौतियों के बीच भारत की अर्थव्यवस्था की यह रफ्तार अहम मानी जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी जीडीपी के आंकड़ों पर प्रतिक्रिया देते हुए 7.8 फीसदी की विकास दर को देश के लिए उत्साहजनक बताया। उन्होंने आत्मनिर्भरता के जरिए 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने की दिशा में आगे बढ़ने की बात कही।
दूसरी गुड न्यूज: GST कलेक्शन भी मजबूत
जीडीपी के बाद सरकार के लिए दूसरी अच्छी खबर अगस्त के जीएसटी कलेक्शन से आई। अगस्त 2026 में कुल 1,99,853 करोड़ रुपये का जीएसटी संग्रह हुआ। यह पिछले साल अगस्त के 1,74,116 करोड़ रुपये के मुकाबले करीब 15 फीसदी अधिक है। आंकड़ों के मुताबिक, अगस्त में केंद्रीय जीएसटी (CGST) से 38,413 करोड़ रुपये और राज्य जीएसटी (SGST) से 46,316 करोड़ रुपये मिले। वहीं, एकीकृत जीएसटी (IGST) का संग्रह 1.15 लाख करोड़ रुपये से अधिक रहा।
रिफंड बढ़ने के बावजूद नेट कलेक्शन मजबूत
अगस्त में जीएसटी रिफंड में भी बड़ी बढ़ोतरी हुई। इस दौरान करीब 31,795 करोड़ रुपये के रिफंड जारी किए गए, जो पिछले साल की तुलना में 68 फीसदी अधिक है। रिफंड को घटाने के बाद सरकार का नेट जीएसटी कलेक्शन करीब 1.68 लाख करोड़ रुपये रहा। इससे पहले जून और जुलाई में भी जीएसटी के जरिए सरकार को अच्छी खासी राशि प्राप्त हुई थी। लगातार मजबूत जीएसटी संग्रह और उम्मीद से बेहतर जीडीपी ग्रोथ भारतीय अर्थव्यवस्था में मजबूती का संकेत दे रहे हैं।
ये भी पढ़ें: https://newsindia24x7.tv/rice-flour-turmeric-face-hair-removal/

