होम = Breaking = भारत ने ठुकराई बांग्लादेश की मांग, शेख हसीना के भाषण पर दिया स्पष्ट जवाब

भारत ने ठुकराई बांग्लादेश की मांग, शेख हसीना के भाषण पर दिया स्पष्ट जवाब

Sheikh Hasina Speech: बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना एक बार फिर सुर्खियों में हैं। उन्होंने घोषणा की है कि वह 5 अगस्त को नई दिल्ली स्थित फॉरेन कॉरेस्पोंडेंट्स क्लब ऑफ साउथ एशिया (FCCSA) के एक कार्यक्रम को ऑनलाइन संबोधित करेंगी। इस बीच बांग्लादेश ने भारत से उनके भाषण पर रोक लगाने की मांग की है, जिस पर भारत ने अपना रुख स्पष्ट कर दिया है।

भारत ने कहा- कार्यक्रम से सरकार का कोई लेना-देना नहीं

बांग्लादेश की मांग पर भारत सरकार ने स्पष्ट किया कि शेख हसीना के प्रस्तावित ऑनलाइन संबोधन से उसका कोई संबंध नहीं है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि यह कार्यक्रम एक निजी मीडिया संस्था आयोजित कर रही है और भारत सरकार इसकी आयोजक नहीं है। उन्होंने कहा, "इस कार्यक्रम से भारत सरकार का कोई लेना-देना नहीं है। इस मंच पर व्यक्त किए जाने वाले विचारों का सरकार समर्थन भी नहीं करती।" इस बयान के साथ भारत ने साफ कर दिया कि कार्यक्रम निजी स्तर पर आयोजित हो रहा है और इसे सरकारी समर्थन प्राप्त नहीं है।

हसीना बांग्लादेश लौटने पर कर सकती हैं बड़ा ऐलान

5 अगस्त 2024 को छात्र आंदोलन के दबाव के बीच शेख हसीना को बांग्लादेश छोड़ना पड़ा था। प्रदर्शनकारी उनके सरकारी आवास तक पहुंच गए थे, जिसके बाद उन्होंने प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा दिया और सेना के विमान से भारत आ गई थीं। अब ठीक दो साल बाद, उसी तारीख यानी 5 अगस्त को वह पहली बार सार्वजनिक रूप से लोगों को संबोधित करने जा रही हैं। इसे उनकी राजनीतिक वापसी के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। इस कार्यक्रम में उनके बेटे सजीब वाजेद जॉय और अवामी लीग के अन्य वरिष्ठ नेता भी शामिल होंगे। माना जा रहा है कि अपने संबोधन में शेख हसीना बांग्लादेश लौटने की संभावित योजना पर भी बड़ा संकेत दे सकती हैं।