India Reply to Pakistan: कश्मीर मुद्दे को लेकर पाकिस्तान की बार-बार कोशिशों पर भारत ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में करारा जवाब दिया है। भारत ने साफ शब्दों में कहा कि दूसरों पर आरोप लगाने से पहले पाकिस्तान को अपने हालात और आंतरिक चुनौतियों पर ध्यान देना चाहिए। साथ ही भारत ने दोहराया कि जम्मू-कश्मीर देश का अभिन्न हिस्सा था, है और हमेशा रहेगा।
UN में भारत का पाकिस्तान पर निशाना
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की बैठक में भारत ने पाकिस्तान को दो टूक जवाब दिया। भारत के प्रतिनिधि राजदूत पर्वथानेनी हरीश ने ‘प्राकृतिक संसाधन: शांति, सुरक्षा और समृद्धि की नींव’ विषय पर हुई बहस के दौरान पाकिस्तान की नीतियों पर सवाल उठाए। उन्होंने आतंकवाद के मुद्दे पर पड़ोसी देश को घेरा और सिंधु जल समझौते को लेकर पाकिस्तान की आपत्तियों पर भी कड़ा रुख अपनाया।
जम्मू-कश्मीर पर भारत का सख्त रुख
राजदूत पी हरीश ने संयुक्त राष्ट्र में जम्मू-कश्मीर को लेकर पाकिस्तान के दावों को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर हमेशा भारत का अभिन्न अंग रहा है और रहेगा। भारत ने यह भी स्पष्ट किया कि इस मुद्दे पर एकमात्र चिंता यह है कि पाकिस्तान ने भारत की संप्रभु भूमि पर अवैध कब्जा कर रखा है। उन्होंने कहा कि यह संवैधानिक और कानूनी सच्चाई है, जिसे पाकिस्तान नजरअंदाज करता रहा है।

