Thursday, Sep 03

होम = News Big = भारत ने नेपाल को भेजी राहत की एक और खेप, 5.5 टन सामग्री रवाना

भारत ने नेपाल को भेजी राहत की एक और खेप, 5.5 टन सामग्री रवाना

Nepal Flood Relief: नेपाल में विनाशकारी बाढ़ के बाद राहत और बचाव का काम जारी है। इस मुश्किल वक्त में भारत लगातार नेपाल की मदद कर रहा है। इसी कड़ी में भारत की ओर से राहत सामग्री की पांचवीं खेप नेपाल के लिए रवाना की गई है। विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी।

भारत ने नेपाल के लिए भेजी राहत की पांचवीं खेप

विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने बताया कि भारत का पांचवां विमान नेपाल के लिए रवाना हो गया है। इसमें खास उपकरणों से लैस 11 सदस्यों की बचाव टीम और 5.5 टन जरूरी दवाएं भेजी गई हैं। नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। अब तक एक हजार से ज्यादा लोगों की मौत की खबर है, जबकि 4 हजार से अधिक लोग लापता बताए जा रहे हैं।

नेपाल में बढ़ सकता है मौतों का आंकड़ा

नेपाल पुलिस के मुताबिक, बाढ़ और तबाही के बाद बरामद हो रहे शवों की संख्या को देखते हुए मृतकों का आंकड़ा अभी और बढ़ सकता है। चितवन जिले में सबसे ज्यादा शव बरामद किए गए हैं। शवों की हालत खराब होने के चलते उनकी पहचान में भी दिक्कत आ रही है और कई शवों को सामूहिक रूप से दफनाया जा रहा है।