होम = News Big = UNSC में भारत का बड़ा बयान, होर्मुज की सुरक्षा को लेकर जताई चिंता

UNSC में भारत का बड़ा बयान, होर्मुज की सुरक्षा को लेकर जताई चिंता

UNSC India Statement: अमेरिका-ईरान तनाव के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों पर हमलों को लेकर भारत ने कड़ा रुख अपनाया है। UNSC की बैठक में भारत ने इसे चिंताजनक बताते हुए पश्चिम एशिया में तनाव कम करने की अपील की।

अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों की सुरक्षा पर जोर

राजदूत परवथानेनी हरीश ने पश्चिम एशिया को भारत के लिए बेहद अहम क्षेत्र बताते हुए वहां बढ़ते तनाव पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि संघर्ष में थोड़े समय के विराम के बाद हमलों और शत्रुता की फिर से बढ़ती घटनाएं गंभीर चिंता का विषय हैं। भारत ने तत्काल तनाव कम करने की अपील करते हुए अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों से सुरक्षित नौवहन और व्यापार बहाली की मांग की। साथ ही नागरिक जहाजों और बुनियादी ढांचे को निशाना बनाने वाले हमलों को रोकने का आग्रह किया।

भारत ने कहा- नाविकों को निशाना बनाना स्वीकार्य नहीं है

भारत ने होर्मुज जलडमरूमध्य में बढ़ते खतरे को लेकर अपना रुख साफ कर दिया है। राजदूत परवथानेनी हरीश ने कहा कि नाविकों को निशाना बनाना और अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों में बाधा डालना किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने जोर दिया कि क्षेत्र में वाणिज्यिक जहाजों और नागरिक ठिकानों पर हमले तुरंत रुकने चाहिए और अंतरराष्ट्रीय नियमों के तहत सुरक्षित नौवहन और व्यापार व्यवस्था जल्द बहाल की जानी चाहिए।

खाड़ी क्षेत्र भारत के लिए क्यों अहम?

खाड़ी क्षेत्र भारत की अर्थव्यवस्था और ऊर्जा जरूरतों के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है। भारत का इस क्षेत्र के साथ सालाना द्विपक्षीय व्यापार करीब 180 अरब डॉलर का है, जबकि यहां से 31 अरब डॉलर से ज्यादा का प्रत्यक्ष विदेशी निवेश आता है। इसके अलावा खाड़ी देशों से हर साल 52 अरब डॉलर से अधिक का प्रेषण भारत पहुंचता है। क्षेत्र में रहने वाले करीब 1 करोड़ भारतीयों की सुरक्षा भी भारत की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है।