Indian Railways land encroachment RTIसूचना का अधिकार (RTI) के तहत रेलवे बोर्ड से मिली जानकारी के अनुसार, मार्च 2025 तक भारतीय रेलवे की 1068.54 हेक्टेयर जमीन पर अतिक्रमण था। रेलवे बोर्ड द्वारा इंडिया टुडे को उपलब्ध कराए गए आंकड़ों के मुताबिक, यह क्षेत्रफल इतना बड़ा है कि यहां दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम नरेंद्र मोदी स्टेडियम जैसे 42 स्टेडियम बनाए जा सकते हैं। वहीं, फीफा मानकों के अनुरूप लगभग 1,396 फुटबॉल स्टेडियम भी इस जमीन पर तैयार किए जा सकते हैं।
पांच साल में 32% बढ़ा अतिक्रमण
इंडिया टुडे ने RTI के जरिए रेलवे की जमीन पर पिछले 25 वर्षों का रिकॉर्ड मांगा था, लेकिन रेलवे बोर्ड ने केवल पिछले पांच वर्षों का डेटा उपलब्ध कराया। इसके अनुसार, 2020-21 में रेलवे की 810.31 हेक्टेयर जमीन पर अतिक्रमण था, जो मार्च 2024-25 तक बढ़कर 1068.54 हेक्टेयर हो गया। यानी पांच वर्षों में अतिक्रमण वाली जमीन का क्षेत्रफल करीब 32% बढ़ गया।
रेलवे बोर्ड के ये आंकड़े 27 मार्च 2026 को संसद में सरकार द्वारा दी गई जानकारी से भी मेल खाते हैं। सरकार ने बताया था कि 1 अप्रैल 2025 तक रेलवे के पास 4.99 लाख हेक्टेयर जमीन थी, जिसमें से लगभग 1068 हेक्टेयर भूमि पर अतिक्रमणकारियों का कब्जा था।
पिछले पांच वर्षों का ट्रेंड
रेलवे के आंकड़ों के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2021-22 एकमात्र ऐसा वर्ष रहा, जब अतिक्रमण में कमी दर्ज की गई। इस दौरान अतिक्रमित जमीन 782.81 हेक्टेयर रह गई थी। हालांकि, अगले वर्षों में इसमें फिर तेजी से वृद्धि हुई और 2023-24 में यह बढ़कर 1078.55 हेक्टेयर पहुंच गई। 2024-25 में इसमें मामूली कमी आई, लेकिन कुल मिलाकर अतिक्रमण बढ़ने का रुझान बरकरार रहा।
ये भी पढ़े: Delhi: घरेलू विवाद के बीच पुलिस कांस्टेबल ने पत्नी को गोली मारकर की हत्या

