Monday, Nov 09

होम = Breaking = इंडिगो की फ्लाइट में हाईजैक की धमकी से हड़कंप, बेंगलुरु एयरपोर्ट पर फुल इमरजेंसी

इंडिगो की फ्लाइट में हाईजैक की धमकी से हड़कंप, बेंगलुरु एयरपोर्ट पर फुल इमरजेंसी

IndiGo Flight Hijack Threat: बेंगलुरु एयरपोर्ट पर बीते दिन उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब लखनऊ जा रही इंडिगो की फ्लाइट अचानक सुरक्षा एजेंसियों के रडार पर आ गई। विमान के टॉयलेट में मिले एक धमकी भरे नोट ने हाईजैक की आशंका पैदा कर दी। इसके बाद पायलट ने बिना जोखिम उठाए विमान को वापस बेंगलुरु मोड़ दिया और एयरपोर्ट पर फुल इमरजेंसी घोषित कर दी गई।

वॉशरूम में मिला हाईजैक की धमकी वाला नोट

जानकारी के मुताबिक, इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E-451 शनिवार, 7 नवंबर 2026 को बेंगलुरु से लखनऊ के लिए रवाना हुई थी। उड़ान के दौरान क्रू मेंबर्स को विमान के वॉशरूम में एक संदिग्ध नोट मिला। इसमें विमान को हाईजैक करने की धमकी दी गई थी। नोट मिलते ही क्रू ने पायलट को इसकी जानकारी दी। इसके बाद सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत तत्काल कदम उठाए गए और विमान को वापस बेंगलुरु लाने का फैसला किया गया।

बेंगलुरु लौटते ही शुरू हुई सघन जांच

धमकी भरा नोट मिलने के बाद पायलट ने तुरंत संबंधित अधिकारियों को इसकी सूचना दी और सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत विमान को वापस बेंगलुरु ले जाने का फैसला किया। केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 पर विमान के उतरते ही सुरक्षा एजेंसियों ने उसे अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद विमान को अलग कर एंटी-सैबोटाज जांच समेत व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया गया। अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि धमकी भरा नोट विमान में किसने और किन परिस्थितियों में रखा था।

इंडिगो ने जारी किया आधिकारिक बयान

इंडिगो के मुताबिक, 7 नवंबर को फ्लाइट 6E-451 में सुरक्षा खतरे की सूचना मिलने पर SOP के तहत अधिकारियों को सूचित किया गया और विमान को बेंगलुरु वापस लाया गया। एयरलाइन ने यात्रियों को हुई असुविधा पर खेद जताया है। यात्रियों को जलपान और स्थिति की जानकारी दी जा रही है। सभी सुरक्षा मंजूरियां मिलने के बाद विमान को लखनऊ के लिए रवाना किया जाएगा।

ये भी पढ़ें: लद्दाख के न्योमा में IL-76MD की लैंडिंग, दुनिया में पहली बार बना ऐसा रिकॉर्ड