होम = Breaking = इंदौर में प्रेमी संग पत्नी ने रची पति की हत्या की साजिश, फिर दर्ज कराई गुमशुदगी; तीनों को उम्रकैद

इंदौर में प्रेमी संग पत्नी ने रची पति की हत्या की साजिश, फिर दर्ज कराई गुमशुदगी; तीनों को उम्रकैद

Indore Wife Lover Husband Murder Case: मध्य प्रदेश के इंदौर में मेघालय के चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड जैसा सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने अपने प्रेमी और उसके साथी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची। वारदात के बाद खुद ही थाने पहुंचकर पति की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करा दी, ताकि पुलिस को उस पर शक न हो। हालांकि, तकनीकी जांच और पूछताछ में पूरी साजिश सामने आ गई। करीब तीन साल चले ट्रायल के बाद अदालत ने आरोपी पत्नी, उसके प्रेमी और उसके साथी को उम्रकैद की सजा सुनाई है।

पति के लापता होने की दर्ज कराई थी रिपोर्ट

अभियोजन के अनुसार, मामला चंदन नगर थाना क्षेत्र का है। अप्रैल 2023 में रूखसाना ने पति जावेद मंसूरी के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि जावेद काम की तलाश में निकले थे और रात में सब्जी लेकर लौटने की बात कही थी, लेकिन उनका फोन बंद हो गया और वे वापस नहीं आए।

शुरुआत में पुलिस ने इसे सामान्य गुमशुदगी माना। इसी दौरान जावेद के परिजनों ने रूखसाना के सद्दाम हुसैन से प्रेम संबंध की जानकारी देते हुए हत्या की आशंका जताई।

मोबाइल लोकेशन से खुला हत्या का राज

पुलिस ने रूखसाना, जावेद, सद्दाम और शाकिर के कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच की। पूछताछ में सामने आया कि 21 अप्रैल 2023 की रात रूखसाना ने सद्दाम और उसके साथी शाकिर खान के साथ मिलकर जावेद की हत्या की थी। इसके बाद शव को ग्रीन पार्क कॉलोनी के एक खाली मैदान में छिपा दिया गया।

पुलिस को गुमराह करने के लिए रूखसाना ने झूठी गुमशुदगी की कहानी बनाई, लेकिन तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ ने साजिश का पर्दाफाश कर दिया।

अदालत ने तीनों को सुनाई उम्रकैद

करीब तीन साल की सुनवाई के बाद नवम अपर सत्र न्यायाधीश की अदालत ने सद्दाम और शाकिर को हत्या, आपराधिक साजिश और साक्ष्य छिपाने का दोषी मानते हुए उम्रकैद समेत अन्य सजा सुनाई। वहीं, रूखसाना को हत्या और आपराधिक साजिश में दोषी ठहराकर उम्रकैद दी गई। अदालत ने माना कि तीनों ने सुनियोजित हत्या के बाद सबूत छिपाने और घटना को दबाने की कोशिश की।

यह मामला हालिया सोनम रघुवंशी-राजा रघुवंशी हत्याकांड की वजह से भी चर्चा में है। हालांकि दोनों मामलों की परिस्थितियां अलग हैं, लेकिन दोनों में प्रेम प्रसंग और वारदात के बाद पुलिस को गुमराह करने की कोशिश जैसी समानताएं हैं।

ये भी देखे: पाकिस्तान से जुड़े JeM की बंगाल CM को निशाना बनाने, मंत्री के बेटे को हनीट्रैप करने और जंतर-मंतर प्रदर्शन में गड़बड़ी की साजिश: STF