मध्य पूर्व में तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। जॉर्डन स्थित अमेरिकी सैन्य अड्डे पर ईरान की ओर से मिसाइल और ड्रोन हमला किए जाने का दावा किया गया है, जिसमें दो अमेरिकी सैनिकों की जान चली गई। घटना के बाद अमेरिका ने जवाबी कार्रवाई करते हुए ईरान के कई ठिकानों पर हवाई हमले किए हैं। दोनों देशों के बीच बढ़ते टकराव को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चिंता बढ़ गई है।
जॉर्डन में हमले के दौरान दो अमेरिकी सैनिकों की मौत
अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के अनुसार, जॉर्डन में तैनात अमेरिकी सैनिक ईरानी मिसाइल और ड्रोन हमलों का सामना कर रहे थे, तभी इस हमले में दो सैनिकों की मौत हो गई। सेना ने यह भी बताया कि एक सैनिक अभी लापता है, जबकि इस संघर्ष में अब तक जान गंवाने वाले अमेरिकी सैनिकों की संख्या बढ़कर 16 हो गई है।
चार घायल सैनिकों का इलाज, बाद में मिली छुट्टी
हमले में घायल हुए चार अमेरिकी सैनिकों को इलाज के लिए जॉर्डन के अस्पतालों में भर्ती कराया गया था। सैन्य अधिकारियों के मुताबिक सभी घायलों की हालत स्थिर रहने के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। फिलहाल मृत और घायल सैनिकों की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है।
अमेरिका ने ईरान के ठिकानों पर की जवाबी कार्रवाई
घटना के बाद अमेरिकी सेना ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के निर्देश पर ईरान के कई रणनीतिक ठिकानों को निशाना बनाकर हवाई हमले किए। अमेरिकी सेना का कहना है कि इन हमलों का उद्देश्य ईरान की उन सैन्य क्षमताओं को कमजोर करना था, जिनसे होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले जहाजों की सुरक्षा प्रभावित हो सकती है।
IRGC को निशाना बनाने का दावा
अमेरिकी सेना ने अपने बयान में कहा कि कार्रवाई का लक्ष्य इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) की गतिविधियों को रोकना और जॉर्डन में अमेरिकी सैनिकों पर हुए हमले का जवाब देना था। ईरानी मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, दक्षिणी बंदरगाह शहर सिरिक और हजियाबाद के आसपास कई स्थानों पर हवाई हमले किए गए।
ईरान की कड़ी चेतावनी
इस घटनाक्रम के बीच ईरान के सर्वोच्च नेतृत्व की ओर से अमेरिका को कड़ा संदेश दिया गया है। जारी बयान में कहा गया कि यदि अमेरिका ने ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई जारी रखी, तो उसे गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। साथ ही अमेरिका पर समझौतों का उल्लंघन करने का आरोप लगाते हुए कहा गया कि उस पर भरोसा नहीं किया जा सकता।
ये भी पढ़ें: Aaj Ka Rashifal : मेष से मीन तक सभी 12 राशियों का जानें भविष्यफल

