होम = Breaking = ईरान का अमेरिका पर बड़ा पलटवार! 8 ठिकानों पर हमला, बहरीन में नेवी बेस बना निशाना

ईरान का अमेरिका पर बड़ा पलटवार! 8 ठिकानों पर हमला, बहरीन में नेवी बेस बना निशाना

Iran US Conflict: पश्चिम एशिया में एक बार फिर जंग की आहट तेज हो गई है। अमेरिका और ईरान के बीच सैन्य टकराव लगातार बढ़ता नजर आ रहा है। रविवार को अमेरिका की कार्रवाई के जवाब में ईरान ने भी अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाते हुए मिसाइल और ड्रोन हमले किए। IRGC का दावा है कि यह संयुक्त सैन्य ऑपरेशन तड़के 2 से 3 बजे के बीच अंजाम दिया गया।

8 अमेरिकी ठिकानों पर मिसाइल और ड्रोन हमला

ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने दावा किया है कि उसने मध्य पूर्व में मौजूद अमेरिकी सेना के 8 प्रमुख सैन्य ठिकानों पर बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन से हमला किया। IRGC के अनुसार, कुवैत स्थित अली अल-सलेम एयर बेस और सलमान पोर्ट के साथ-साथ बहरीन में अमेरिकी नौसेना के पांचवें बेड़े के बेस को भी निशाना बनाया गया। ईरान का कहना है कि यह कार्रवाई दक्षिणी ईरान पर अमेरिका के हालिया हमलों का जवाब है। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि अभी तक नहीं हो सकी है और अमेरिकी अधिकारियों की ओर से भी विस्तृत आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है।

अमेरिका का दावा- ईरानी हमले में कोई बड़ा नुकसान नहीं

एक अमेरिकी अधिकारी ने रॉयटर्स को बताया कि ईरान के मिसाइल और ड्रोन हमलों में किसी अमेरिकी सैनिक की मौत या चोट की सूचना नहीं है और न ही अमेरिकी सैन्य ठिकानों को कोई बड़ा नुकसान पहुंचा है। वहीं अमेरिका का दावा है कि उसने ईरान को तनाव कम करने का मौका दिया था, लेकिन इसके बावजूद पनामा के झंडे वाले तेल टैंकर एमटी किकु पर ड्रोन हमला किया गया। अमेरिकी प्रशासन के अनुसार, इसी के जवाब में अमेरिकी सेना ने ईरान के सैन्य निगरानी ढांचे, संचार प्रणाली, एयर डिफेंस साइट्स, ड्रोन स्टोरेज सुविधाओं और माइन बिछाने की क्षमता से जुड़े ठिकानों को निशाना बनाकर जवाबी कार्रवाई की।