Thursday, Sep 24

होम = News Top = पश्चिम एशिया में फिर जंग? शांति वार्ता पर गतिरोध के बीच ईरान ने US के नए हमले की दी चेतावनी

पश्चिम एशिया में फिर जंग? शांति वार्ता पर गतिरोध के बीच ईरान ने US के नए हमले की दी चेतावनी

Iran US Conflict: ईरान ने रविवार को दावा किया कि उसे ऐसी रिपोर्ट मिली हैं, जिनके मुताबिक अमेरिका कुछ क्षेत्रीय देशों के समर्थन से तेहरान के खिलाफ नई सैन्य कार्रवाई की तैयारी कर रहा है। ईरान की केंद्रीय सैन्य कमान ने चेतावनी दी कि अमेरिका ने हमला किया तो पश्चिम एशिया में अमेरिकी ठिकानों और हितों के खिलाफ लंबे समय तक जवाबी कार्रवाई की जाएगी।

यह बयान ऐसे समय आया है जब ईरान के शीर्ष वार्ताकार मोहम्मद बाघेर गालिबाफ ने कहा कि तेहरान ने मध्यस्थों के जरिए अमेरिका तक हॉर्मुज जलडमरूमध्य फिर खोलने की शर्तें पहुंचा दी हैं। गालिबाफ ने रविवार को कहा कि अमेरिकी प्रतिबद्धताएं पूरी होने तक स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज नहीं खोला जाएगा।

क्षेत्रीय देशों को भी ईरान की चेतावनी

ईरान की संयुक्त सैन्य कमान खतम अल-अनबिया ने उन क्षेत्रीय देशों को चेताया है, जो किसी अमेरिकी सैन्य कार्रवाई में मदद करते हैं। बयान के मुताबिक, ऐसे देशों को ईरान की जवाबी कार्रवाई से अलग नहीं माना जाएगा। ईरान के सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के प्रमुख मोहसिन रेजई ने भी कहा कि सैन्य आकलन के अनुसार अमेरिका के एक और हमले की संभावना काफी अधिक है। उन्होंने कहा कि तेहरान “निर्णायक युद्ध” के लिए तैयार है।

US ने पश्चिम एशिया के लिए जारी की एडवाइजरी

बढ़ते तनाव के बीच अमेरिकी विदेश विभाग ने शनिवार को पश्चिम एशिया के लिए सुरक्षा एडवाइजरी जारी की। इसमें क्षेत्र में मौजूद अमेरिकियों को सतर्क रहने और वहां यात्रा की योजना बना रहे लोगों को दोबारा विचार करने की सलाह दी गई। विभाग ने संभावित फ्लाइट कैंसिलेशन, एयरस्पेस प्रतिबंध और अन्य यात्रा बाधाओं की चेतावनी दी।

बातचीत के लिए ईरान की 7 शर्तें

ईरान ने कतर के जरिए अमेरिका को बातचीत के लिए 7 शर्तें भेजने की बात कही है। हालांकि सभी शर्तें सार्वजनिक नहीं की गई हैं। रेजई ने तीन प्रमुख मांगें बताईं—सभी मोर्चों पर संघर्ष रोकना, ईरानी संपत्तियों को अनफ्रीज करना और अमेरिकी नौसैनिक नाकेबंदी खत्म करना। उन्होंने कहा कि तेहरान अमेरिकी जवाब का इंतजार कर रहा है और ट्रंप की धमकियों से कोई नतीजा नहीं निकलेगा।

ये भी पढ़े: एस जयशंकर, पूर्व सेना प्रमुख और CBI निदेशक को दिल्ली में SIR का नोटिस