होम = Breaking = झारखंड: मंत्री इरफान अंसारी का आरोप- CM हेमंत सोरेन को मारने की थी कोशिश

झारखंड: मंत्री इरफान अंसारी का आरोप- CM हेमंत सोरेन को मारने की थी कोशिश

Jharkhand: झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आवास के पास धरने पर बैठे बीजेपी विधायकों पर गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि यह महज प्रदर्शन नहीं था, बल्कि मुख्यमंत्री को मारने की कोशिश थी। अंसारी के मुताबिक, प्रदर्शन के दौरान मुख्यमंत्री अपनी पत्नी और बच्चों के साथ घर के अंदर मौजूद थे। उन्होंने कहा कि यदि ऐसी कोशिश की गई है तो दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।

छात्रों पर लाठीचार्ज से किया इनकार

इरफान अंसारी ने यह भी दावा किया कि छात्रों पर पुलिस ने कोई लाठीचार्ज नहीं किया। दरअसल, 10 अगस्त को छात्रों ने अपनी मांगों को लेकर विधानसभा का घेराव किया था। इस दौरान पुलिस कार्रवाई में कई छात्रों के घायल होने की बात सामने आई और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।

देवेंद्र महतो से अस्पताल में मिले मंत्री

छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो कई दिनों की भूख हड़ताल के कारण बीमार पड़ गए थे और अस्पताल में भर्ती थे। विधानसभा मार्च में शामिल होने वह एंबुलेंस से पहुंचे थे। उनकी निगरानी के लिए प्रशासन ने विशेष मेडिकल बोर्ड बनाया था और डॉक्टरों के अनुसार उनकी स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर थी। इसी बीच अंसारी देर रात बिना पूर्व सूचना, सुरक्षा काफिले और प्रोटोकॉल के सदर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने महतो और अन्य घायल छात्रों से मुलाकात कर उनका हाल जाना।

अस्पताल का किया निरीक्षण

मरीजों से मिलने के बाद मंत्री ने विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया और अन्य मरीजों से बातचीत कर स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों को मरीजों के प्रति संवेदनशील रहने का निर्देश भी दिया।

ये भी पढ़े: अंग्रेजों से 109 साल पुराना कर्ज मांग रहा सीहोर का परिवार, ₹35 हजार ब्याज समेत लौटाने का नोटिस