Tuesday, Nov 10

होम = Breaking = ISRO की बड़ी कामयाबी, NVS-03 सैटेलाइट की सफल लॉन्चिंग पर पीएम मोदी ने वैज्ञानिकों को दी बधाई

ISRO की बड़ी कामयाबी, NVS-03 सैटेलाइट की सफल लॉन्चिंग पर पीएम मोदी ने वैज्ञानिकों को दी बधाई

ISRO NVS-03 Satellite Launch: भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) ने GSLV-F18 रॉकेट के जरिए NVS-03 नेविगेशन सैटेलाइट को सफलतापूर्वक लॉन्च किया है। इस उपलब्धि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को वैज्ञानिकों और इंजीनियरों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह मिशन भारत की स्वदेशी नेविगेशन प्रणाली NavIC को मजबूत बनाने के साथ महत्वपूर्ण तकनीकों में आत्मनिर्भरता बढ़ाएगा।

पीएम मोदी ने वैज्ञानिकों की सराहना की

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर वैज्ञानिकों की मेहनत और तकनीकी कौशल की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि अंतरिक्ष वैज्ञानिकों का समर्पण देश को लगातार गौरवान्वित कर रहा है। आधुनिक क्षमताओं से लैस NVS-03 सैटेलाइट देशभर में लोगों को बेहतर नेविगेशन सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद करेगा।

श्रीहरिकोटा से सफलतापूर्वक लॉन्च हुआ सैटेलाइट

शुक्रवार रात 11:51 बजे श्रीहरिकोटा के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र के दूसरे लॉन्च पैड से GSLV-F18 रॉकेट ने उड़ान भरी। लॉन्चिंग के 20 मिनट से अधिक समय बाद रॉकेट ने NVS-03 सैटेलाइट को निर्धारित जियोसिंक्रोनस ट्रांसफर ऑर्बिट (GTO) में सफलतापूर्वक स्थापित कर दिया।

मिशन की निगरानी कर रहे ISRO प्रमुख डॉ. वी. नारायणन ने इसकी सफलता की घोषणा करते हुए इंजीनियरों और संबंधित उद्योगों को बधाई दी।

भारत की नेविगेशन प्रणाली होगी मजबूत

यह भारत के जियोसिंक्रोनस सैटेलाइट लॉन्च व्हीकल (GSLV) की 20वीं उड़ान थी। करीब 2,250 किलोग्राम वजनी NVS-03, ISRO की दूसरी पीढ़ी की नेविगेशन सैटेलाइट श्रृंखला का तीसरा उपग्रह है।

इसका उद्देश्य NavIC सेवाओं की निरंतरता बनाए रखना और उनकी उपलब्धता बढ़ाना है। यह मिशन भारत की स्वतंत्र स्थिति निर्धारण, नेविगेशन और समय संबंधी क्षमताओं को मजबूत करेगा। नागरिक, व्यावसायिक और रणनीतिक क्षेत्रों में सैटेलाइट आधारित नेविगेशन की बढ़ती जरूरतों को देखते हुए इसे महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।