Italian Passengers Immigration Check: दिल्ली एयरपोर्ट पर इमिग्रेशन व्यवस्था को लेकर बड़ी चूक सामने आई है। इटली के 3 नागरिक जरूरी इमिग्रेशन क्लीयरेंस के बिना ही म्यूनिख के लिए रवाना हो गए। मामला सामने आने के बाद गृह मंत्रालय ने आज शाम गृह मंत्रालय, नागरिक उड्डयन मंत्रालय और अन्य संबंधित अधिकारियों की आपात बैठक बुलाई है।
बैठक में कई बड़े अधिकारी होंगे शामिल
रिपोर्ट के मुताबिक, गृह सचिव गोविंद मोहन की अध्यक्षता में होने वाली आपात बैठक में नागरिक उड्डयन मंत्रालय के सचिव और अतिरिक्त सचिव, इंटेलिजेंस ब्यूरो के निदेशक, गृह मंत्रालय के सचिव और अतिरिक्त सचिव, ब्यूरो ऑफ इमिग्रेशन के कमिश्नर, एयर इंडिया समूह के प्रमुख और दिल्ली एयरपोर्ट के CEO शामिल होंगे। बैठक में इमिग्रेशन क्लीयरेंस के बिना तीन इतालवी यात्रियों के देश से बाहर जाने के मामले पर चर्चा की जाएगी। हालांकि, एयर इंडिया के प्रवक्ता और गृह मंत्रालय ने इस मामले में अखबार के सवालों पर कोई टिप्पणी नहीं की है।
अमृतसर से दिल्ली पहुंचे, बिना जांच म्यूनिख के लिए हुए रवाना
यह घटना 4 सितंबर की सुबह की बताई जा रही है। तीनों इतालवी यात्री अमृतसर से एयर इंडिया की फ्लाइट AI-1115 से रात करीब 12:50 बजे दिल्ली पहुंचे थे। इसके करीब एक घंटे बाद वे म्यूनिख जाने वाली लुफ्थांसा की फ्लाइट LH-763 में सवार होकर जर्मनी के लिए रवाना हो गए। इस दौरान उनकी जरूरी इमिग्रेशन जांच नहीं हुई। शुरुआती जानकारी में एयर इंडिया की पैसेंजर हैंडलिंग प्रक्रिया में गंभीर लापरवाही सामने आई है।
गड़बड़ी कैसे और किन नियमों का हुआ उल्लंघन?
सभी तीनों यात्रियों को अमृतसर में ही घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ान के दो बोर्डिंग पास जारी किए गए थे। दिल्ली पहुंचने के बाद उन्हें इमिग्रेशन के बजाय इंटरनेशनल ट्रांसफर के लिए भेज दिया गया, जिसके चलते बिना जांच वे म्यूनिख की फ्लाइट में सवार हो गए। मामले में एयर इंडिया को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

