Italy Burqa Niqab Ban: इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने स्कूलों को लेकर दो बड़े ऐलान किए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार स्कूलों में बुर्का और नकाब पर रोक लगाने के लिए जल्द फैसला लेगी। इसके साथ ही विदेशी छात्रों की संख्या सीमित करने की भी तैयारी है। मेलोनी ने ये घोषणाएं रोम में अपनी पार्टी ‘ब्रदर्स ऑफ इटली’ के युवा संगठन के राष्ट्रीय महोत्सव के दौरान कीं।
विदेशी छात्रों के पैरेंट्स के लिए भाषा की शर्त
प्रस्तावित नियमों के मुताबिक, विदेशी छात्रों के उन माता-पिता को इटैलियन भाषा की कक्षाएं करनी होंगी, जिनके बच्चों को स्कूल व्यवस्था में घुलने-मिलने में दिक्कत आती है। सरकार की मंजूरी के बाद कानून को संसद में 60 दिनों के भीतर पारित कराना होगा। मेलोनी सरकार के इस प्रस्ताव के साथ इटली भी उन देशों की सूची में शामिल होने की दिशा में बढ़ रहा है, जहां बुर्का और नकाब को लेकर प्रतिबंध लागू हैं।
इटली के स्कूलों में 9.3 लाख विदेशी छात्र
रिसर्च इंस्टीट्यूट फोंडाजियोने ISMU के आंकड़ों के मुताबिक, इटली के स्कूलों में करीब 9.3 लाख विदेशी छात्र पढ़ते हैं। यह देश के कुल स्कूली छात्रों का लगभग 11.6% है। हालांकि, पिछले 10 साल में इटली में विदेशी नाबालिगों की संख्या करीब 4.5% कम हुई है।
बुर्का बैन पर यूरोप में अलग-अलग राय
यूरोपियन कोर्ट ऑफ ह्यूमन राइट्स फ्रांस और बेल्जियम में सार्वजनिक जगहों पर बुर्का-नकाब पर रोक को सही ठहरा चुका है। अदालत ने 2014 और 2017 के फैसलों में सार्वजनिक मेलजोल को ऐसी पाबंदी का आधार माना था। हालांकि, मानवाधिकार संगठनों और संयुक्त राष्ट्र ने इस तरह की रोक का विरोध किया है।

