Tuesday, Nov 10

होम = State = जयपुर में मिलावटखोरों पर बड़ा एक्शन, 35 हजार लीटर घी जब्त; फैक्ट्री पर लगा ताला

जयपुर में मिलावटखोरों पर बड़ा एक्शन, 35 हजार लीटर घी जब्त; फैक्ट्री पर लगा ताला

Jaipur Ghee Seized: राजस्थान की राजधानी जयपुर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावट के शक में बड़ी कार्रवाई की है। मंगलवार को अधिकारियों की टीम ने करीब 35 हजार लीटर घी जब्त कर हिमालय डेयरी प्रोडक्ट्स की मैन्युफैक्चरिंग और पैकेजिंग फैक्ट्री को सील कर दिया। जांच के दौरान फैक्ट्री में सात अलग-अलग ब्रांड के नाम से घी पैक किया जा रहा था। अधिकारियों को वहां एक संदिग्ध फ्लेवरिंग पदार्थ भी मिला है। घी और इस पदार्थ के नमूने लेकर जांच के लिए लैब भेजे गए हैं।

'शुद्ध आहार-मिलावट पर वार' अभियान के तहत कार्रवाई

जयपुर में यह कार्रवाई राज्य सरकार के 'शुद्ध आहार-मिलावट पर वार' अभियान के तहत की गई। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने हिमालय डेयरी प्रोडक्ट्स की फैक्ट्री का निरीक्षण किया। जांच के दौरान अधिकारियों को बड़ी मात्रा में घी मिला, जिसे अलग-अलग ब्रांड के नाम से पैक किया जा रहा था। फैक्ट्री में राजस्थान सरस, डेयरी ब्रदर्स, श्री किरण सरस, मतुला, चॉइस डेयरी, रघु श्री और गणक ब्रांड के नाम से घी की पैकेजिंग हो रही थी। अधिकारियों के मुताबिक, यहां 200 मिलीलीटर से लेकर 15 लीटर तक के पैकेट में घी रखा गया था। इसके अलावा बड़ी मात्रा में घी बड़े स्टोरेज साइलो में भी जमा था।

सफाई के केमिकल के लेबल के नीचे मिला संदिग्ध पदार्थ

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को फैक्ट्री में एक संदिग्ध फ्लेवरिंग पदार्थ भी मिला। अधिकारियों के अनुसार, इसे सफाई में इस्तेमाल होने वाले केमिकल के लेबल के नीचे छिपाकर रखा गया था। खाद्य सुरक्षा विभाग ने घी और संदिग्ध फ्लेवरिंग पदार्थ के नमूने लिए हैं। इन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। अब रिपोर्ट के आधार पर पता लगाया जाएगा कि घी में किसी तरह के कृत्रिम फ्लेवरिंग एजेंट का इस्तेमाल हुआ था या नहीं और उसमें मिलावट की गई थी या नहीं।

फूड लाइसेंस नहीं दिखाने पर फैक्ट्री सील

जांच के दौरान फैक्ट्री परिसर में फूड लाइसेंस भी प्रदर्शित नहीं किया गया था। अधिकारियों को संदिग्ध अनियमितताएं मिलने के बाद पूरी फैक्ट्री को सील कर दिया गया। इसमें मैन्युफैक्चरिंग और पैकेजिंग, दोनों यूनिट शामिल हैं।

मोरिजा और चीथवाड़ी में डेयरी यूनिट्स की भी जांच

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों ने मंगलवार सुबह जयपुर जिले के मोरिजा और चीथवाड़ी इलाकों में भी कार्रवाई की। यहां दूध और मावा बनाने वाली चार यूनिट्स की जांच की गई। इस दौरान शकर दुला मावा पनीर भंडार, एके.डी. एंटरप्राइजेज और एस.डी.एस. मावा पनीर का निरीक्षण किया गया। इन यूनिट्स से दूध और मावा के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। अब इन नमूनों की रिपोर्ट आने के बाद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी।

ये भी पढ़ें: भगवान कृष्ण के बाद अब श्रीराम पर टिप्पणी से बवाल, अखिलेश यादव ने धीरेंद्र शास्त्री के कार्यक्रम रद्द करने की मांग की