Jalandhar: पंजाब के जालंधर में रविवार तड़के हुए एक भीषण सड़क हादसे में दो दोस्तों की मौत हो गई। दोनों एक जन्मदिन की पार्टी से घर लौट रहे थे। मृतकों में गायक यो यो हनी सिंह का भतीजा विदित ओलाक और आरव तलवार शामिल हैं। विदित पंजाबी म्यूजिक कंपनी 'स्पीड रिकॉर्ड्स' के मालिक दिनेश का बेटा था, जबकि आरव 'पैपी स्वीट्स' के मालिक का बेटा था। घटना के बाद हनी सिंह ने इंस्टाग्राम स्टोरी भी शेयर की।
फ्लाईओवर पर खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई कार
यह हादसा पुलिस लाइन्स इलाके के पास एक फ्लाईओवर पर हुआ। बारादरी थाने के एसएचओ साहिल चौधरी के मुताबिक, पुलिस को रविवार तड़के करीब 3 बजे घटना की सूचना मिली थी। उस समय नगर निगम के सफाई कर्मचारी फ्लाईओवर की सफाई कर रहे थे। उन्होंने कचरा इकट्ठा करने के लिए वहां ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी की हुई थी।
इसी दौरान BMC चौक से BSF चौक की ओर जा रही वोक्सवैगन कार ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई।
कार में सवार थे पांच लोग
पुलिस के मुताबिक, हादसे के वक्त कार में कुल पांच लोग मौजूद थे। दुर्घटना में विदित ओलाक और आरव तलवार की मौत हो गई, जबकि बाकी तीन लोग अपने घर लौट चुके हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लिया। हालांकि, मृतकों के परिजनों ने आगे कोई कानूनी कार्रवाई करने से इनकार कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने शव उन्हें सौंप दिए।
ये भी पढ़े: पंजाब चुनाव के लिए AAP की पहली सूची जारी, भगवंत मान फिर धुरी से लड़ेंगे चुनाव।

