Jamia Students Union Election: जामिया मिलिया इस्लामिया में छात्रसंघ की बहाली की मांग को लेकर चल रहा आंदोलन समाप्त हो गया है। कई दिनों से प्रदर्शन कर रहे छात्रों को विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से छात्रसंघ का संविधान तैयार करने और चुनाव कराने की समय-सीमा घोषित किए जाने के बाद राहत मिली है। प्रशासन ने नए संविधान को 15 मई 2027 तक तैयार करने और आगामी शैक्षणिक सत्र शुरू होने के छह सप्ताह के भीतर चुनाव कराने का ऐलान किया है। इसके बाद भूख हड़ताल पर बैठे छात्रों ने अपना अनशन समाप्त कर दिया।
15 मई 2027 तक तैयार होगा छात्रसंघ का संविधान
विश्वविद्यालय प्रशासन के आदेश के मुताबिक, छात्रसंघ के नए संविधान का निर्माण 15 मई 2027 तक पूरा किया जाएगा। इसके बाद 16 जुलाई 2027 से शुरू होने वाले आगामी शैक्षणिक सत्र के छह सप्ताह के भीतर छात्रसंघ चुनाव कराए जाएंगे। प्रशासन ने आंदोलन के दौरान छात्रों के खिलाफ की गई सभी अनुशासनात्मक कार्रवाइयों को वापस लेने और कैंपस में प्रवेश पर लगाए गए प्रतिबंधों को रद्द करने का भी ऐलान किया है।
18 दिनों के आंदोलन के बाद खत्म हुई भूख हड़ताल
छात्रसंघ की बहाली की मांग को लेकर छात्र 18 दिनों से प्रदर्शन कर रहे थे। विश्वविद्यालय प्रशासन की घोषणा के बाद परिसर में छात्रों ने खुशी जताई और जीत के नारे लगाए। प्रशासन ने भूख हड़ताल पर बैठे छात्रों से तुरंत अनशन समाप्त करने को कहा। इसके बाद एबिन, रेहान समेत अन्य छात्रों ने अपनी भूख हड़ताल खत्म कर दी। छात्रसंघ के संविधान और चुनाव की समय-सीमा तय होने को आंदोलन की प्रमुख मांगों पर बनी सहमति के रूप में देखा जा रहा है।
2005 में हुए थे जामिया में आखिरी छात्रसंघ चुनाव
जामिया मिलिया इस्लामिया में पिछले करीब 20 वर्षों से छात्रसंघ चुनाव नहीं हुए हैं। विश्वविद्यालय में आखिरी बार वर्ष 2005 में चुनाव कराए गए थे। इसके बाद मार्च 2006 में परिसर में हुई हिंसा के बाद प्रशासन ने जामिया मिलिया इस्लामिया स्टूडेंट्स यूनियन (JMISU) को भंग कर दिया था। अब प्रशासन की ओर से छात्रसंघ का संविधान तैयार करने और चुनाव कराने की समय-सीमा घोषित किए जाने के बाद छात्रसंघ की बहाली का रास्ता आगे बढ़ा है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, चुनाव आगामी शैक्षणिक सत्र शुरू होने के छह सप्ताह के भीतर कराए जाने हैं। अगस्त 2027 के आखिरी सप्ताह में चुनाव होने की संभावना भी जताई गई है।
स्थापना दिवस पर छात्रों ने मनाया ‘इंकलाबी मेला’
जामिया मिलिया इस्लामिया अपना 106वां स्थापना दिवस मना रहा है। इस अवसर पर छात्रों ने गेट नंबर 7 के पास गुलिस्तान-ए-गालिब के सामने कार्यक्रम आयोजित किया, जिसे ‘इंकलाबी मेला’ नाम दिया गया। भूख हड़ताल पर बैठे एबिन, रेहान और अन्य छात्र जब कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे, तो परिसर नारों से गूंज उठा। छात्रसंघ बहाली को लेकर जारी आंदोलन के बीच इस आयोजन में छात्रों ने अपनी खुशी जाहिर की।
तोड़फोड़ के मामले में दिल्ली पुलिस ने दर्ज की FIR
विश्वविद्यालय परिसर में हाल ही में हुई तोड़फोड़ और हिंसा के मामले में दिल्ली पुलिस ने भी कार्रवाई की है। जामिया प्रशासन की ओर से दी गई शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
ये भी पढ़ें: आशुतोष राय को मिली प्रदेश भाजपा कार्यसमिति में जगह, पूर्वांचल में बन सकता है ये नया समीकरण

