Janardan Mishra: मध्य प्रदेश के रीवा से भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा अपने एक बयान को लेकर फिर विवादों में हैं। पेट्रोल में एथेनॉल मिलाने की नीति का बचाव करते हुए उन्होंने शुद्ध पेट्रोल की मांग करने वालों पर आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी। एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि देश में 80 फीसदी पेट्रोल-डीजल विदेशों से आता है और सवाल उठाया कि एथेनॉल नहीं मिलाएंगे तो शुद्ध पेट्रोल कहां से आएगा। उनके इस बयान के बाद सियासी विवाद गरमा गया है।
बीजेपी सांसद का विवादित बयान
रीवा एयरपोर्ट पर आयोजित कार्यक्रम में भाषण देते हुए भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा ने एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल का विरोध करने वालों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश में शुद्ध पेट्रोल पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध नहीं है और ऑटोमोबाइल कंपनियों के मुताबिक वाहन एथेनॉल मिश्रित ईंधन पर चल सकते हैं। इसी दौरान उन्होंने ‘तुम्हारे बाप के घर से आएगा?’ जैसी आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी।
तेल की लंबी सप्लाई का दिया हवाला
भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा ने वैश्विक परिस्थितियों का हवाला देते हुए कहा कि तेल की आपूर्ति के लिए जहाजों को करीब 18,000 किलोमीटर की अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है। उन्होंने एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल का विरोध करने वालों पर निशाना साधते हुए बघेली भाषा में आक्रामक टिप्पणी की और सरकार की एथेनॉल नीति का बचाव किया।

