Friday, Sep 04

होम = Breaking = जन्माष्टमी पर महंगा हुआ सोना, चांदी के दाम में भी बड़ा उछाल

जन्माष्टमी पर महंगा हुआ सोना, चांदी के दाम में भी बड़ा उछाल

Gold Price Today: 4 सितंबर को देशभर में कृष्ण जन्माष्टमी का त्योहार मनाया जा रहा है। इस बीच सोने की कीमतों में जारी गिरावट पर ब्रेक लगा है और जन्माष्टमी की सुबह ज्यादातर शहरों में 24 और 22 कैरेट सोने के भाव में तेजी देखने को मिली। राजधानी दिल्ली में 24 कैरेट सोना बढ़कर 1,55,510 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया है, जबकि मुंबई में इसका भाव 1,55,360 रुपये पहुंच गया। वहीं, अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोना मजबूत बना हुआ है। नए भू-राजनीतिक तनावों के बीच निवेशक इसे सुरक्षित निवेश के तौर पर देख रहे हैं, जिससे सोने की मांग बनी हुई है।

साल के अंत तक 4,900 डॉलर का अनुमान

गोल्डमैन सैक्स ने सोने की कीमतों को लेकर बड़ा अनुमान जताया है। रिपोर्ट के मुताबिक, इस साल के अंत तक सोने का भाव 4,900 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच सकता है। इसके पीछे केंद्रीय बैंकों की लगातार खरीदारी को अहम वजह माना जा रहा है। अनुमान है कि 2026 में कई देशों के केंद्रीय बैंक हर महीने करीब 50 टन सोना खरीद रहे हैं।

चांदी के भाव में भी लौटी तेजी

सोने के साथ चांदी की कीमतों में भी तेजी लौट आई है। 4 सितंबर की सुबह चांदी बढ़कर 2,50,100 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्पॉट सिल्वर 65.77 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा है। इससे एक दिन पहले दिल्ली के सराफा बाजार में सोने की कीमत 3,400 रुपये तक और चांदी के भाव में 5,000 रुपये तक का उछाल आया था। घरेलू बाजार में सोने-चांदी की कीमतों पर स्थानीय मांग और आपूर्ति के साथ-साथ वैश्विक बाजार के रुझानों का भी असर पड़ता है।

Tags : gold silver