CJP Protest News: दिल्ली के जंतर-मंतर पर NEET पेपर लीक के खिलाफ CJP का प्रदर्शन जारी है। सरकार और CJP के बीच आज तीसरे दौर की बातचीत होनी है। सरकार के कई बड़े कदमों के बावजूद प्रदर्शनकारी शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर अड़े हैं। सभी की नजर आज की वार्ता पर टिकी है।
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर CJP का सख्त रुख
सरकार और CJP के बीच तीसरे दौर की वार्ता से पहले संगठन ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग दोहराई है। CJP प्रवक्ता आशुतोष रांका ने कहा कि मुआवजे और कानूनी मामलों पर सकारात्मक संकेत मिले हैं, लेकिन मुख्य मांग पर अब तक कोई ठोस फैसला नहीं हुआ है। आशुतोष रांका ने कहा कि यदि सरकार धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर अड़ी रहती है, तो बातचीत का कोई औचित्य नहीं रह जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसी स्थिति में CJP अपनी अगली रणनीति पर आगे बढ़ेगा और आंदोलन को लेकर कठोर फैसले लेने के लिए मजबूर होगा।
बिहार बंद का ऐलान, विधायक की गिरफ्तारी से बढ़ा सियासी ताप
NEET पेपर लीक के विरोध में चल रहे आंदोलन के बीच छात्र संगठन AISA ने आज बिहार बंद का आह्वान किया है। इससे पहले शुक्रवार देर रात बिहार में माले विधायक संदीप सौरभ को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उन पर प्रदर्शन की आड़ में हिंसा फैलाने और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने का आरोप लगाया है। विधायक की गिरफ्तारी के बाद विपक्ष ने सरकार पर आंदोलन को दबाने का आरोप लगाया है।

