Tuesday, Nov 10

होम = Breaking = करीब 20 साल बाद जंतर-मंतर रोड से हटे भारी बैरिकेड्स, आम लोगों के लिए खुला रास्ता

करीब 20 साल बाद जंतर-मंतर रोड से हटे भारी बैरिकेड्स, आम लोगों के लिए खुला रास्ता

Jantar Mantar Road Barricades Removed: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के प्रमुख प्रदर्शन स्थल जंतर-मंतर से जुड़ी सड़क पर अब आम लोगों और वाहनों की आवाजाही फिर से सामान्य हो गई है। दिल्ली पुलिस ने करीब दो दशक से लगे भारी बैरिकेड्स हटाने का फैसला लिया है। सुरक्षा समीक्षा और राजधानी में प्रदर्शनों से जुड़ी स्थिति का आकलन करने के बाद यह कदम उठाया गया है।

इसके साथ ही अशोक रोड को टॉल्स्टॉय मार्ग से जोड़ने वाली मुख्य सड़क पर भी यातायात बहाल हो गया है। इससे रोजाना इस रास्ते से गुजरने वाले यात्रियों और वाहन चालकों को राहत मिलेगी, जिन्हें अब तक वैकल्पिक और घुमावदार रास्तों का इस्तेमाल करना पड़ता था।

पिछले महीने प्रदर्शन स्थल की आधिकारिक मान्यता हुई थी खत्म

हालिया विरोध प्रदर्शनों के बाद पिछले महीने दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर को आधिकारिक विरोध प्रदर्शन स्थलों की सूची से डी-नोटिफाई कर दिया था। हालांकि, सुरक्षा एजेंसियों ने संभावित प्रदर्शनों और सुरक्षा संबंधी इनपुट को देखते हुए एहतियातन बैरिकेडिंग जारी रखी थी। अब वरिष्ठ अधिकारियों की सुरक्षा समीक्षा के बाद इन्हें हटाकर सड़क खोल दी गई है।

कई बड़े आंदोलनों का गवाह रहा है जंतर-मंतर

जंतर-मंतर 1993 के बाद से देशभर के आंदोलनों और विरोध प्रदर्शनों का प्रमुख केंद्र रहा है। संसद और सत्ता के गलियारों के पास अपनी आवाज पहुंचाने के लिए प्रदर्शनकारियों को इस इलाके में जगह दी गई थी।

साल 2011 में भ्रष्टाचार के खिलाफ अन्ना हजारे का आंदोलन यहीं से शुरू हुआ था, जो बाद में रामलीला मैदान पहुंचा। वहीं, 2012 में निर्भया सामूहिक दुष्कर्म कांड के बाद न्याय और महिला सुरक्षा की मांग को लेकर हजारों लोग और छात्र जंतर-मंतर पर जुटे थे। तब से यह जगह कई सामाजिक और राजनीतिक आंदोलनों की आवाज बनी रही है।

ये भी पढ़े: BLF की महिला लड़ाकों का बड़ा हमला, पाकिस्तान के 7 सैनिकों को मारने का दावा