Japan Earthquake Today: जापान के कुमामोटो प्रांत में मंगलवार को 7.1 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया, जिसके बाद तीन फीट से अधिक ऊंची सुनामी की चेतावनी जारी कर दी गई। भूकंप के बाद सरकार ने क्यूशू द्वीप के कई प्रांतों में आपातकालीन अलर्ट जारी करते हुए लोगों से तटीय इलाकों से सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की।
बिजली-रेल सेवाएं प्रभावित
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, भूकंप के बाद कुमामोटो में हजारों घरों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई, जबकि एहतियात के तौर पर कई ट्रेन सेवाएं अस्थायी रूप से रोक दी गईं। सरकार ने लोगों को सतर्क रहने और संभावित आफ्टरशॉक्स की चेतावनी दी है। वहीं, भूकंप प्रभावित क्षेत्र में सोनी और दुनिया की प्रमुख चिप निर्माता कंपनी टीएसएमसी के संयंत्र भी मौजूद हैं। सोनी ने बताया कि वह अपने कारखानों पर भूकंप के असर का आकलन कर रही है।
चीन में 18 मिनट के भीतर दो बार कांपी धरती
इसी बीच चीन के उत्तर-पश्चिमी किंघाई प्रांत में मंगलवार सुबह 18 मिनट के अंतराल पर भूकंप के दो झटके महसूस किए गए। पहला झटका स्थानीय समयानुसार सुबह 11:16 बजे 5.7 तीव्रता का और दूसरा 11:34 बजे 5.8 तीव्रता का दर्ज किया गया। शुरुआती रिपोर्टों के मुताबिक, इन दोनों भूकंपों से किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। कम आबादी वाला किंघाई प्रांत भूकंपीय दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्र माना जाता है, जहां अक्सर भूकंप के झटके महसूस किए जाते हैं।

