JDU Lalan Singh: बिहार विधान परिषद की आठ सीटों पर हुए चुनाव के नतीजों के बाद जनता दल यूनाइटेड (JDU) में राजनीतिक हलचल की चर्चा तेज हो गई है। चुनाव में जीतने वाले NDA उम्मीदवारों को बधाई देने के लिए पार्टी ने सोशल मीडिया पर दो अलग-अलग पोस्टर जारी किए। इन पोस्टरों में गठबंधन के प्रमुख नेताओं और पार्टी के शीर्ष चेहरों की तस्वीरें शामिल हैं, लेकिन केंद्रीय मंत्री और JDU के वरिष्ठ नेता ललन सिंह की तस्वीर नजर नहीं आई। पोस्टरों में JDU के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार, राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा, बिहार प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा और नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को जगह दी गई है। यहां तक कि बिहार BJP अध्यक्ष संजय सरावगी की तस्वीर भी पोस्टरों में शामिल है। ऐसे में ललन सिंह की तस्वीर नहीं होने को लेकर सवाल उठ रहे हैं कि क्या पार्टी के भीतर कोई नाराजगी है या इसके पीछे कोई दूसरी वजह है।
नीरज कुमार के बयान से बढ़ी चर्चा
पटना स्नातक सीट से जीत दर्ज करने वाले नीरज कुमार का गुरुवार को ललन सिंह को लेकर दिया गया बयान भी चर्चा में है। चुनाव में जीत के बाद नीरज कुमार ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, नीतीश कुमार और निशांत कुमार समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की, लेकिन ललन सिंह से उनकी मुलाकात नहीं हुई। ललन सिंह को लेकर सवाल पूछे जाने पर नीरज कुमार ने कहा कि उनकी जीत पर ललन सिंह की ओर से बधाई नहीं आई। उन्होंने कहा, “हमने अपनी ओर से कोई गुनाह नहीं किया है। मैं राजनीति में रहूंगा तो किसी का कर्ज नहीं रखता। हमारे मां-पिता और पुरखों ने हमें यही संस्कार दिया है कि बेटा किसी का कर्ज नहीं रखना। हम सब सूद सहित लौटाते हैं।”
‘सवाल ललन सिंह से ही पूछें’
नीरज कुमार ने चुनाव के दौरान ललन सिंह की भूमिका पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय ललन सिंह उनके साथ क्यों नहीं थे, यह सवाल उन्हीं से पूछा जाना चाहिए। नीरज कुमार के इस बयान और बधाई पोस्टरों में ललन सिंह की तस्वीर नहीं होने के बीच राजनीतिक हलकों में कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पोस्टरों में किस नेता को जगह मिली और किसकी तस्वीर नहीं दिखी, इसे लेकर पार्टी के नेतृत्व और राजनीतिक समीकरणों पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।
अनंत सिंह के बयानों से भी जुड़ा है विवाद
चुनाव के दौरान पार्टी के भीतर यह चर्चा भी रही कि अनंत सिंह ने JDU और संजय झा के खिलाफ जो बयानबाजी की, वह ललन सिंह की सह पर हुई। ललन सिंह ने अनंत सिंह की बगावत का खुलकर समर्थन किया था। ललन सिंह ने कहा था कि ताली एक हाथ से नहीं बजती। उन्होंने अनंत सिंह की बगावत को ‘क्रिया के विपरीत प्रतिक्रिया’ बताया था। ऐसे में चुनाव के बाद सामने आए बयानों और पोस्टरों ने JDU के भीतर संभावित मतभेदों को लेकर चर्चाओं को और बढ़ा दिया है। हालांकि, पोस्टरों में तस्वीर नहीं होने से ही किसी नाराजगी की पुष्टि नहीं होती।
MLC चुनाव में NDA को मिली तीन सीटें
बिहार विधान परिषद की आठ सीटों के चुनाव परिणामों में सत्तारूढ़ NDA को तीन सीटों पर जीत मिली। इनमें BJP ने दो और JDU ने एक सीट पर कब्जा किया।
BJP: तिरहुत शिक्षक सीट से नरेंद्र सिंह और कोसी स्नातक सीट से एनके यादव विजयी रहे।
JDU: पटना स्नातक सीट से नीरज कुमार ने जीत दर्ज की।
RJD: पटना शिक्षक सीट से संजीव कुमार और दरभंगा स्नातक सीट से अनिल झा विजयी रहे।
जनसुराज पार्टी: दरभंगा शिक्षक सीट से सुरेश राय ने जीत हासिल की।
निर्दलीय: तिरहुत स्नातक सीट से वंशीधर बृजवासी और सारण शिक्षक सीट से राहुल राज विजयी रहे।
चुनाव परिणामों के बाद JDU के बधाई पोस्टरों और नीरज कुमार के बयान ने पार्टी के भीतर राजनीतिक समीकरणों को लेकर चर्चा शुरू कर दी है। अब यह देखना होगा कि ललन सिंह की तस्वीर पोस्टरों में नहीं होने और नीरज कुमार के बयान को लेकर उठ रहे सवालों पर पार्टी की ओर से कोई प्रतिक्रिया आती है या नहीं।
ये भी पढ़ें: गुजरात को 407 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात देंगे PM मोदी, 30 अक्टूबर को होगा लोकार्पण

