Jensen Huang China Espionage Allegations: दुनिया की दिग्गज टेक कंपनी NVIDIA के CEO जेनसेन हुआंग से जुड़ी जासूसी की खबरों ने कॉरपोरेट जगत में हलचल मचा दी है। मामला सिर्फ कंपनियों के बीच कारोबारी जासूसी तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें अमेरिकी AI तकनीक और चीन के बीच रणनीतिक प्रतिस्पर्धा का पहलू भी जुड़ गया है। हालांकि, चीन ने अपने खुफिया विभाग से जुड़े आरोपों को सिरे से खारिज किया है।
कौन हैं एलिस हुआंग और क्या है जासूसी का मामला?
इस पूरे विवाद में एलिस हुआंग नाम की चीनी कारोबारी का जिक्र सामने आया है। उनका NVIDIA CEO जेनसेन हुआंग से कोई पारिवारिक रिश्ता नहीं बताया गया है। वह सिंगापुर की कंपनी मेगास्पीड (Megaspeed) की पूर्व अधिकारी रह चुकी हैं, जो NVIDIA से AI चिप खरीदती थी।
न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी खुफिया अधिकारियों को संदेह था कि एलिस चीन की प्रमुख खुफिया एजेंसी मिनिस्ट्री ऑफ स्टेट सिक्योरिटी (MSS) के लिए काम करती थीं। आरोप है कि वह NVIDIA की तकनीक और कारोबारी गतिविधियों से जुड़ी गोपनीय जानकारी चीन तक पहुंचा रही थीं। मेगास्पीड की भी जांच हुई कि कहीं उसने अमेरिकी निर्यात प्रतिबंधों के बावजूद एडवांस AI चिप चीन पहुंचाने में मदद तो नहीं की।
जेनसेन हुआंग ने मानी निजी रिश्ते में गलती
विवाद के बीच जेनसेन हुआंग ने NVIDIA के बोर्ड के सामने एलिस हुआंग के साथ अंतरंग संबंध होने की बात स्वीकार की। उन्होंने अपनी पत्नी के प्रति बेवफाई भी मानी।
8 नवंबर को कर्मचारियों को भेजे संदेश में उन्होंने कहा कि उनके व्यवहार से पत्नी और बच्चों को ठेस पहुंची है और इसके लिए कोई बहाना नहीं है। उन्होंने अपनी गलती की पूरी जिम्मेदारी लेने की बात कही। हालांकि, उन्होंने यह सार्वजनिक रूप से स्वीकार नहीं किया कि उन्हें एलिस के कथित जासूसी संबंधों की जानकारी थी।
चीन ने आरोपों को बताया बेबुनियाद
चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जियाकुन ने 9 नवंबर 2026 को बीजिंग में प्रेस ब्रीफिंग के दौरान इन दावों को खारिज किया। उन्होंने इन्हें चीन को बदनाम करने वाला दुष्प्रचार बताया। इससे पहले 30 अक्टूबर को भी उन्होंने जेनसेन हुआंग को निशाना बनाकर कथित जासूसी अभियान की खबरों को निराधार अटकलें करार दिया था।

