Tuesday, Nov 10

होम = Breaking = जेवर में इमरान हत्याकांड के दो आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली; अवैध पिस्टल बरामद

जेवर में इमरान हत्याकांड के दो आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली; अवैध पिस्टल बरामद

Jewar Imran Murder Case: उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्धनगर में जेवर पुलिस ने हत्या के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों ने अपने साथियों के साथ मिलकर 7 अक्टूबर 2026 की रात करीब 36 वर्षीय इमरान की गोली मारकर हत्या कर दी थी। मामले में 8 अक्टूबर को इमरान के भाई की शिकायत पर थाना जेवर में मुकदमा संख्या 332/2026 दर्ज किया गया था। इसमें BNS की धारा 191(2), 191(3), 190, 103(1), 3(5) और 61(2) लगाई गई थीं।

पुलिस पर फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई

पुलिस के अनुसार, 2 और 3 नवंबर की दरमियानी रात टीम झांझर रोड स्थित पावर हाउस के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान दो संदिग्ध व्यक्ति आते दिखे। रुकने का इशारा करने पर वे भागने लगे। पीछा किए जाने पर दोनों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैरों में गोली लगी और वे घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर अस्पताल पहुंचाया।

शेरू और मौसीम के रूप में हुई पहचान

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शेरू उर्फ शेर मोहम्मद (पुत्र यूसुफ), निवासी मोहल्ला व्यापारियान, जहांगीरपुर, थाना जेवर और मौसीम (पुत्र सगीर), निवासी मोहल्ला पठानटोला, पहासू, जिला बुलंदशहर के रूप में हुई है।

दो अवैध पिस्टल और कारतूस बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कथित तौर पर वारदात में इस्तेमाल की गई दो .32 बोर की अवैध पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस अब उनके अन्य साथियों और हत्याकांड से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

ये भी पढ़े: ओमान के तट के पास भारतीय जहाज पर हमला, एक नाविक की मौत; 13 को सुरक्षित बचाया गया