होम = लाइफस्टाइल = चेहरे के आकार के हिसाब से चुनें ज्वेलरी, निखर उठेगा आपका पूरा लुक

चेहरे के आकार के हिसाब से चुनें ज्वेलरी, निखर उठेगा आपका पूरा लुक

Jewellery for Face Shape: सही ज्वेलरी सिर्फ आपके आउटफिट को पूरा नहीं करती, बल्कि चेहरे के फीचर्स को उभारकर आपकी प्राकृतिक खूबसूरती भी बढ़ा सकती है। अपनी पसंद और पर्सनल स्टाइल सबसे जरूरी है, लेकिन चेहरे के आकार के अनुसार ज्वेलरी चुनने से लुक ज्यादा संतुलित और आकर्षक नजर आ सकता है। Dishis Designer Jewellery की फाउंडर दिशी सोमानी के मुताबिक, ज्वेलरी का उद्देश्य चेहरे के आकार की नकल करना नहीं, बल्कि उसकी ज्योमेट्री को बैलेंस करना होना चाहिए।

राउंड फेस

अगर चेहरे पर मुलायम कर्व्स हैं और गालों की हड्डियां सबसे चौड़ी हैं, तो लंबाई का भ्रम पैदा करने वाली ज्वेलरी चुनें। लंबे ड्रॉप ईयररिंग्स, ज्योमेट्रिक डिजाइन और पतले टियरड्रॉप चेहरे को लंबा दिखाते हैं। V-शेप पेंडेंट और लेयर्ड नेकलेस भी नजर को नीचे की ओर ले जाते हैं। वहीं बड़े हूप्स, गोल स्टड्स और टाइट चोकर्स से बचें, क्योंकि ये चेहरा ज्यादा चौड़ा दिखा सकते हैं।

स्क्वायर फेस

मजबूत जॉलाइन और एंगुलर फीचर्स वाले चेहरे पर सॉफ्ट डिजाइन बेहतर लगते हैं। हूप्स, ओवल ईयररिंग्स, कर्व्ड टियरड्रॉप और गोल पेंडेंट चेहरे की तीखी लाइनों को बैलेंस करते हैं। कॉलर-लेंथ नेकलेस और हल्के कर्व वाले चोकर्स भी अच्छा विकल्प हैं। बहुत ज्यादा चौकोर या ज्योमेट्रिक डिजाइन से बचना चाहिए।

ओवल फेस

ओवल फेस की प्रोपोर्शन स्वाभाविक रूप से संतुलित होती है, इसलिए इस पर लगभग हर तरह की ज्वेलरी अच्छी लगती है। स्टड्स, हूप्स, चांदेलियर ईयररिंग्स और लेयर्ड नेकलेस आसानी से पहने जा सकते हैं। हालांकि, बेहद लंबे और पतले ईयररिंग्स चेहरे को और लंबा दिखा सकते हैं। ऐसे में हूप्स या क्लस्टर ईयररिंग्स से चौड़ाई जोड़ना बेहतर है।

हार्ट-शेप्ड फेस

इस फेस शेप में माथा चौड़ा और ठुड्डी पतली होती है। नीचे से चौड़े टियरड्रॉप, चांदेलियर और चांदबाली ईयररिंग्स चेहरे का संतुलन बेहतर करते हैं। शॉर्ट नेकलेस, प्रिंसेस-लेंथ चेन और नाजुक चोकर्स ठुड्डी के हिस्से को सॉफ्ट लुक देते हैं। ठुड्डी के आकार जैसे नुकीले ईयररिंग्स से बचें।

लंबा या रेक्टेंगुलर फेस

ऐसे चेहरे, जिनकी लंबाई चौड़ाई से काफी ज्यादा हो, उन्हें लंबा दिखाने के बजाय चौड़ाई का संतुलन देना चाहिए। मीडियम हूप्स, बटन स्टड्स, क्लस्टर ईयररिंग्स और छोटे नेकलेस या चोकर्स बेहतर विकल्प हैं। लंबे लीनियर ईयररिंग्स और डीप V-शेप पेंडेंट चेहरे को और लंबा दिखा सकते हैं, इसलिए इनसे बचना बेहतर है।

अपनी स्टाइल को दें प्राथमिकता

दिशी सोमानी के अनुसार, फेस शेप एक उपयोगी स्टाइलिंग गाइड है, लेकिन यह आपकी पसंद को सीमित नहीं करना चाहिए। सबसे खूबसूरत ज्वेलरी वही है, जो चेहरे को संतुलित करने के साथ आपकी पर्सनल स्टाइल और आत्मविश्वास को भी दर्शाए। अपने फीचर्स, आउटफिट, हेयरस्टाइल और मौके के अनुसार सही ज्वेलरी चुनकर आप हर लुक को निखार सकती हैं, ताकि ज्वेलरी आपकी खूबसूरती को उभारे, उस पर हावी न हो।

ये भी पढ़े: NEET पेपर लीक विवाद: सलमान खान ने छात्रों से घर लौटने की अपील की, सोनम वांगचुक से कहा- ‘कुछ खा लो’