Wednesday, Nov 11

होम = Breaking = झांसी में बंद खदान में मिले पति-पत्नी के शव, 6 साल की बेटी ने पिता पर लगाया मां को धक्का देने का आरोप

झांसी में बंद खदान में मिले पति-पत्नी के शव, 6 साल की बेटी ने पिता पर लगाया मां को धक्का देने का आरोप

Jhansi: उत्तर प्रदेश के झांसी में एक पति-पत्नी के शव बंद पड़ी खदान में मिलने से हड़कंप मच गया. दोनों की मौत पानी में डूबने से हुई. मृतकों की 6 साल की बेटी ने आरोप लगाया है कि रात में हुए विवाद के दौरान उसके पिता मां को घसीटकर खदान तक ले गए. वहां उन्होंने पहले मां को पानी में धक्का दिया और फिर खुद भी खदान में कूद गए.

घटना प्रेमनगर थाना क्षेत्र के बिजौली में शनिदेव मंदिर के पास की है. मृतकों की पहचान करीब 40 वर्षीय शंकर आदिवासी और उनकी 38 वर्षीय पत्नी गिरजा के रूप में हुई है. दंपति के पांच बच्चे हैं.

शराब पीकर घर आया था पति, पत्नी से हुआ झगड़ा

परिजनों के मुताबिक, शंकर ट्रैक्टर चालक था और रात में शराब पीकर घर लौटा था. इसके बाद उसने पत्नी से गाली-गलौज की और दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया. उनकी 6 साल की बेटी रागनी ने बताया कि झगड़े के दौरान पिता मां को घसीटते हुए खदान तक ले गए. वहां उन्होंने मां को धक्का दिया और फिर खुद भी पानी में कूद गए. इसके बाद क्या हुआ, उसे जानकारी नहीं है.

शंकर के भाई सूरज ने बताया कि वह काम से लौटने के बाद खाना खाकर सो गया था. उसे पति-पत्नी के बीच विवाद की वजह पता नहीं थी. बाद में उसे दोनों के खदान में होने की सूचना मिली.

सुबह पानी में उतराते मिले शव

सुबह परिजनों ने खदान के पानी में दोनों के शव उतराते देखे और पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने रेस्क्यू कर शवों को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए मॉर्चरी भेज दिया.

अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) सिमरन सिंह के अनुसार, प्रेमनगर थाने की बिजौली चौकी पुलिस को सोना नाम की महिला ने सूचना दी थी कि उनका बेटा शंकर और बहू गिरजा घर के पास स्थित खदान में मिले हैं. शुरुआती जांच में दोनों की मौत डूबने से होने की बात सामने आई है. पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है.

ये भी पढ़े: हैदराबाद में बुर्का पहनकर चोरी करने वाली महिला गिरफ्तार, 70 लाख का माल बरामद